ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे और टी-20 सीरीज के लिए विमेंस टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। साइका इशाक, श्रेयांका पाटिल, मन्नत कश्यप और तितास साधु को पहली बार वनडे टीम में जगह मिली। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 वनडे और 3 टी-20 मैचों की सीरीज 28 दिसंबर से मुंबई में शुरू होगी।
वनडे टीम में पेसर रेणुका सिंह और विकेटकीपर ऋचा घोष की भी वापसी हुई है। दोनों को जुलाई में बांग्लादेश टूर पर मौका नहीं मिला था। रेणुका इंजर्ड थीं, वहीं घोष को उमा छेत्री की जगह मौका मिला था।
वनडे और टी-20 के लिए घोषित 16-16 सदस्यीय टीम में 14 खिलाड़ी दोनों ही टीमों में शामिल हैं। वहीं स्नेह राणा और हरलीन देओल वनडे और कनिका आहुजा और मीनू मणि को टी-20 टीम के लिए चुना गया है।
टी-20 टीम में भी श्रेयांका-इशाक को मौका
टी-20 सीरीज के लिए इंडिया विमेंस टीम बिलकुल वैसी है जैसी पिछले दिनों इंग्लैंड के खिलाफ रखी गई थी। दिसंबर की शुरुआत में हुई इस टी-20 सीरीज में श्रेयांका और साइका ने डेब्यू किया था। लेकिन भारत को 2-1 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।
वनडे स्क्वॉड से पूनिया और देविका वैद्य बाहर बांग्लादेश दौरे पर वनडे सीरीज का हिस्सा रहीं 8 प्लेयर्स को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे स्क्वॉड में जगह नहीं मिली। बाहर होने वाली खिलाड़ियों में प्रिया पूनिया, देविका वैद्य, अंजलि सरवनी, बी अनुषा, मेघना सिंह, राशि कन्नोजिया और मोनिका पटेल शामिल हैं।
श्रेयांका और इशाक ने इंग्लैंड के खिलाफ किया था टी-20 डेब्यू
श्रेयांका पाटिल और साइका इशाक ने इसी महीने इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की घरेलू सीरीज में डेब्यू किया था। श्रेयांका ने तीन टी-20 मैचों में 8.28 की इकोनॉमी रेट से कुल पांच विकेट लिए थे। श्रेयांका विमेंस प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से खेलती हैं।
वहीं बाएं हाथ की स्पिनर साइका इशाक ने इंग्लैंड के खिलाफ 3 ही टी-20 में 8.10 की इकोनॉमी रेट से 5 विकेट लिए थे। साइका इशाक WPL में मुंबई इंडियंस टीम की सदस्य हैं।
टेस्ट में पहली बार भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराया
भारतीय टीम शानदार फॉर्म में है। रविवार को भारत ने ऑस्ट्रेलिया को एकमात्र टेस्ट में 8 विकेट के अंतर से हराया था। इससे पहले टीम ने इंग्लैंड को भी टेस्ट में मात दी थी। हरमनप्रीत कौर ने दोनों ही सीरीज में टीम की कप्तानी की। वह इस बार भी टीम की कप्तानी करेंगी।
वनडे सीरीज के भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्ज, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, यस्तिका भाटिया (विकेटकीपर), ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, श्रेयांका पाटिल, मन्नत कश्यप, साइका इशाक, रेणुका सिंह ठाकुर, तितास साधु, पूजा वस्त्राकर, स्नेह राणा और हरलीन देओल।
टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्ज, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, यस्तिका भाटिया (विकेटकीपर), ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, श्रेयांका पाटिल, मन्नत कश्यप, साइका इशाक, रेणुका सिंह ठाकुर, तितास साधु, पूजा वस्त्राकर, कनिका आहूजा, मिन्नु मणि।


