-
कोलंबो। वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद सोमवार को खेल मंत्री रोशन रणसिंघे द्वारा बर्खास्त किए गए श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड को कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। श्रीलंका की अपील पर अदालत ने देश के क्रिकेट बोर्ड को बर्खास्त करने के खेल मंत्री के फैसले को रद्द कर दिया और पूरी सुनवाई होने तक मंगलवार को फिर बोर्ड मेंबर्स को उनकी जगह दी।
कोर्ट ने सोमवार को बोर्ड अध्यक्ष शम्मी सिल्वा की याचिका स्वीकार कर ली। बोर्ड की बहाली दो सप्ताह के लिए है जब अदालत मामले की दोबारा सुनवाई करेगी।
खेल मंत्री ने बोर्ड को बर्खास्त किया था
वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद श्रीलंका के खेल मंत्रालय ने सोमवार, 6 नवंबर, को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) को बर्खास्त कर दिया था।श्रीलंका क्रिकेट के लिए एक अंतरिम बोर्ड का गठन भी किया था। खेल मंत्री रोशन रणसिंघे के कार्यालय ने एक बयान में कहा था कि, ‘देश के 1996 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान अर्जुन रणतुंगा को नए अंतरिम बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।’


