कोलकाता: टीमइंडिया गजब का प्रदर्शन कर रही है। विश्व कप क्रिकेट में लगातार आठ जीत दर्ज करने कमाल तो किया है लेकिन हमारे गेंदबाज मैच दर मैच घातक होते जा रहे हैं। आज ऐतिहासिक ईडन गार्डंस में टीमइंडिया ने विराट कोहली के 49 वें शतक, रवींद्र जडेजा के पांच विकेट व द.अफ्रीका के 83 रन पर निपट जाने की तिहरी खुशी मनाई। रात को जब विराट कोहली के 35 वें जन्मदिन का केक कटेगा तो जीत शानदार तरीके से सेलिब्रेट जरूर होगा।
कोहली ने 35वें जन्मदिन पर 65000 दर्शकों के सामने अपने आदर्श सचिन तेंदुलकर के वनडे क्रिकेट में रिकॉर्ड 49 शतकों की बराबरी की। उनकी शतकीय पारी के दम पर भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 327 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरे साउथ अफ्रीकी बब्बर शेरों को भारतीय पेसरों ने घुटनों पर ला दिया। टूर्नामेंट में रनों का पहाड़ा खड़ा करने वाली टीम ने 27.1 ओवरों में 83 रन बनाते हुए हथियार डाल दिए। यह भारत की लगातार 8वीं जीत है और इसके साथ ही भारत ने अपने 2003 में बनाए गए रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ पिछले मैच में 302 रन से मिली जीत में शतक से 12 रन से चूके कोहली ने आखिरकार यहां अपने 289वें मैच में 277वीं पारी में 49वां शतक जमाया। तेंदुलकर ने 463 वनडे की 452 पारियों में 49 शतक और 96 अर्धशतक बनाये थे। सचिन के नाम सौ अंतरराष्ट्रीय शतक हैं जबकि कोहली का यह 79वां अंतरराष्ट्रीय शतक है जिन्होंने टेस्ट में 29 और टी20 में भी एक शतक बनाया है।
कोहली ने श्रेयस अय्यर (77 रन) के साथ तीसरे विकेट की साझेदारी में 134 रन बनाकर भारत के बड़े स्कोर की नींव रखी। शीर्ष दो टीमों के इस मुकाबले में केशव महाराज को छोड़कर दक्षिण अफ्रीका का कोई गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों खासकर कोहली पर अंकुश नहीं लगा सका। कोहली ने पारी के 49वें ओवर में कागिसो रबाडा की गेंद पर एक रन लेकर तिहरा अंक छुआ तो पूरा ईडन गार्डंस उनके नाम से गूंज उठा। उन्होंने हेलमेट उतारकर दर्शकों और ड्रेसिंग रूम का अभिवादन स्वीकार किया और आसमान की ओर देखा।
इससे पहले रोहित शर्मा ने विध्वंसक अंदाज में आगाज किया। नई गेंद के अपने दोनों गेंदबाजों को कामयाबी नहीं मिलती देख दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने छठे ओवर में कागिसो रबाडा को गेंद सौंपी जिन्होंने अपने कप्तान के भरोसे को सही साबित करके खतरनाक होते दिख रहे रोहित को पवेलियन भेजा। रोहित ने मिडऑफ पर काफी तेज शॉट खेला लेकिन बावुमा ने अपने पीछे की ओर झुकते हुए अपने सीने पर शानदार कैच लपका। रोहित ने 24 गेंद में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 40 रन बनाए।
कोहली और श्रेयस ने ढीली गेंदों को नसीहत देते हुए रन बनाने का सिलसिला जारी रखा। इस बीच महाराज के दस ओवर का कोटा पूरा हो गया जिन्होंने सिर्फ 30 रन देकर एक विकेट लिया। श्रेयस ने 30वें ओवर में शम्सी को दो चौके जड़े और एडेन मार्कराम को 34वें ओवर में छक्का लगाया। शतक की ओर बढते दिख रहे श्रेयस हालांकि एंगिडि की गेंद पर हवाई शॉट खेलकर गलती कर गए और मार्कराम ने उनका कैच लपककर 134 रन की इस साझेदारी का अंत कर दिया। श्रेयस ने अपनी पारी में 87 गेंद खेलकर सात चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद कोहली (नाबाद 101) और सूर्यकुमार यादव (19 गेंद में 22 रन) ने तेजी से रन बंटोरे। यादव को 46वें ओवर में शम्सी ने विकेट के पीछे क्विंटन डि कॉक के हाथों लपकवाया। रविंद्र जडेजा 15 गेंद में 29 रन बनाकर नाबाद रहे।
विराट बर्थडे पर वर्ल्ड कप सेंचुरी जमाने वाले पहले भारतीय
भारतीय पारी में विराट कोहली ने 121 बॉल पर नाबाद 101 रनों की शतकीय पारी खेली। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के वनडे में सबसे ज्यादा शतक के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। कोहली बर्थडे पर वर्ल्ड कप सेंचुरी जमाने वाले भारत के पहले और दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बने।
कोहली 49वें शतक पर सचिन तेंदुलकर ने मजाकिया लहजे में लिखा- ‘मैं इसी साल 50 साल का हुआ हूं और मुझे 49 से 50 तक पहुंचने में 365 दिन लग गए। मुझे उम्मीद है कि आप 49 से 50 का सफर अगले कुछ दिनों में तय कर लेंगे।’
विराट सबसे तेज 49 शतक तक पहुंचने वाले बैटर
विराट कोहली सबसे तेज 49 वनडे शतक तक पहुंचने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 277वीं पारियों में यह अचीवमेंट हासिल की है। सचिन तेंदुलकर ने 451 पारियों में इतने शतक जमाए थे।
अफ्रीका की खराब शुरुआत; सिराज, जडेजा और शमी को पहले ओवर में विकेट
327 रन का टारगेट चेज करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत खराब रही। टीम ने पहले पावरप्ले में 35 रन बनाने में तीन विकेट गंवा दिए। जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में दबाव बनाया और महज 2 रन दिए। इस दबाव का फायदा सिराज के पहले ओवर में मिला। उन्होंने ओपनर क्विंटन डी कॉक (5 रन) को बोल्ड कर दिया। सिराज के बाद जडेजा ने अपने पहले ओवर में कप्तान टेम्बा बावुमा (11 रन) को बोल्ड किया और शमी ने अपने पहले ओवर में ऐडन मार्करम (9 रन) को केएल राहुल के हाथों कैच कराया। बाद के सारे विकेट भी जल्दी जल्दी गिर गए। रवींद्र जडेजा ने 33 रन देकर पांच विकेट झटके।कुलदीप यादव व मोहम्मद समी को दो-दो विकेट व जसप्रीत बुमराह को एक विकेट मिला।
- कोहली के वर्ल्ड कप में 1500 रन भी पूरे हो गए हैं। वे इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर्स की सूची में चौथे नंबर पर हैं। सचिन तेंदुलकर 2278 रन के साथ टॉप पर हैं।
- केशव महाराज ने वर्ल्ड कप में बिना बाउंड्री के 10 ओवर डाले। उन्होंने 10 ओवर में 30 रन देकर 1 विकेट लिया। वर्ल्ड कप 2023 में वह बगैर बाउंड्री के अपना स्पेल पूरा करने वाले छठे गेंदबाज बने।
- रोहित शर्मा (16 छक्के) वर्ल्ड कप के पावरप्ले में ब्रैंडन मैकुलम (17) के बाद सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले प्लेयर बने।
- रोहित ने एक साल में सबसे ज्यादा वनडे सिक्स लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। वे इस साल अब तक 58 सिक्स जमा चुके हैं। एबी डीविलियर्स ने भी 2015 में 58 सिक्स लगाए थे।
- रोहित शर्मा को सभी फॉर्मेट में सबसे ज्यादा 12 बार कगिसो रबाडा ने आउट किया। उनके बाद टिम साउदी ने 11 बार उनके विकेट लिए हैं।


