हांगझोउ/19वें एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने शुक्रवार को दमदार प्रदर्शन किया। चीन के हांगझोउ में चल रहे गेम्स के छठे दिन इंडियन प्लेयर्स ने 2 गोल्ड, 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज सहित कुल 8 मेडल जीते है।
इन मेडल के सहारे ओवरऑल मेडल टैली में भारत के मेडल की संख्या 33 हो गई है। इनमें इनमें 8 गोल्ड, 12 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज शामिल हैं। भारत टैली में चौथे पायदान पर है।
शुक्रवार को भारतीय शूटर्स ने दो गोल्ड और 3 सिल्वर के साथ दिन की शानदार शुरुआत की। इसके बाद टेनिस में रामकुमार रामनाथन और साकेत माइनेनी की जोड़ी ने सिल्वर हासिल किया। फिर स्क्वॉश में भारतीय मेंस टीम ने ब्रॉन्ज दिलाया।
दिन का आखिरी मेडल शाॅटपुट में आया। विमेंस शाॅटपुट इवेंट में किरण बालियान ने 17.36 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे नंबर पर रह कर ब्राॅन्ज मेडल जीता।
इसके साथ ही भारतीय मेंस बैडमिंटन टीम ने नेपाल को 3-0 से हराते हुए 37 साल बाद एशियाड का मेडल पक्का किया। शाम को बॉक्सर निखत जरीन ने 50 KG वेट कैटेगरी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर एक मेडल तय कर लिया। इतना ही नहीं, निखत ने पेरिस ओलिंपिक-2024 का कोटा भी हासिल भी किया।
शूटिंग: 10 मीटर एयर पिस्टल में 3 और 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन में दो मेडल मिला
10 मीटर एयर पिस्टल महिला टीम इवेंट में भारत को छठे दिन का पहला मेडल दिलाया। ईशा सिंह, पलक और दिव्या ने 1731 स्कोर कर सिल्वर जीता। इस इवेंट में चीन की टीम टॉप पर रही। चीनी टीम ने 1736 स्कोर कर गोल्ड जीता। वहीं चीनी ताइपे की टीम ने 1723 स्कोर कर ब्रॉन्ज मेडल जीता।

50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में मेंस टीम ने भारत को 7वां गोल्ड दिलाया। ऐश्वर्य प्रताप सिंह, अखिल शिरोन और स्वप्निल सुरेश ने 1769 स्कोर कर गोल्ड जीता। यह शूटिंग में भारत का पांचवां गोल्ड है। इस इवेंट में चीन की टीम ने 1763 स्कोर कर सिल्वर और साउथ कोरिया ने 1748 स्कोर कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। 10 मीटर एयर पिस्टल विमेंस टीम इवेंट में दिव्या, ईशा सिंह और पलक ने सिल्वर मेडल जीता।

10 मीटर एयर पिस्टल इंडिविजुअल में भारतीय महिला शूटरों ने दो मेडल जीते। पलक ने 242.1 स्कोर कर गोल्ड मेडल जीता, जबकि ईशा सिंह ने 239.7 स्कोर कर सिल्वर मेडल जीता। इस इवेंट में पाकिस्तान की किश्माला तलत ने 218.2 स्कोर कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।



वहीं, ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने 459.7 स्कोर कर 50 मीटर मेंस राइफल 3 पोजीशन इडिविजुअल इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। इस इवेंट में चीन को गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल मिला।

बाॅक्सिंग: निखत ने मेडल पक्का किया
भारत की निखत जरीन ने विमेंस की 45-50 किग्रा कैटेगरी में जॉर्डन की हनान नासर को हराकर सेमीफाइनल अपनी जगह पक्की कर ली है। निखत ने इस कैटेगरी में पदक के साथ ही पेरिस ओलंपिक 2024 का कोटा भी हासिल कर लिया है।

शाॅटपुट: किरण बालियान ने ब्राॅन्ज दिलाया
विमेंस शॉटपुट फाइनल में भारत की किरण बालियान ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। किरण ने तीसरे अटेम्प्ट में 17.36 मीटर का थ्रो फेंककर मेडल अपने नाम किया। इसी इवेंट में भारत की दूसरी खिलाड़ी मनप्रीत कौर 16.25 के थ्रॉ के साथ 5वें स्थान पर रहीं। गोल्ड और सिल्वर दोनो चीन के खिलाड़ियों ने जीते।
टेनिस : मेंस डब्ल्स में सिल्वर
टेनिस में आज भारत को मेंस डब्ल्स में सिल्वर मेडल मिला। भारत जोड़ी साकेत माइनेनी और रामकुमार रामनाथन को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। दोनों को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। चीनी ताइपे के जेसन और यू-हसिउ ने साकेत और रामकुमार को 6-4,6-4 से हराया।
इसके अलावा, मिक्स्ड डबल्स कैटेगरी में रोहन बोपन्ना और रुतुजा भोसले की जोड़ी फाइनल में पहुंच गई है। सेमीफाइनल में चीनी ताइपे की अएचएसयू यू-हसिउचान और हाओ-चिंग जोड़ी को 2-1 से हराया।


स्क्वैश : भारतीय विमेंस टीम ने ब्रॉन्ज जीता, मेंस टीम सेमीफाइनल में
भारतीय विमेंस टीम को सेमीफाइनल में हॉन्ग कॉन्ग से 2-1 से हार का सामना करना पड़ा और ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। जबकि मेंस टीम ने मलेशिया को हरा कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
एथलेटिक्स: ऐश्वर्या ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया
भारत की ऐश्वर्या मिश्रा ने विमेंस 400 मीटर के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। उन्होने 52.73 सेकंड में सीजन बेस्ट के साथ दूसरे नंबर पर फिनिश किया।
हाॅकी: विमेंस टीम की एकतरफा जीत
भारतीय विमेंस टीम ने ग्रुप मुकाबले में मलेशिया को 6-0 से हराया। मेंस टीम का मुकाबला कल पाकिस्तान से होगा।

बैडमिंटन: मेंस टीम ने मेडल पक्का किया
बैडमिंटन में भारत का एक मेडल पक्का हो गया है। मेंस टीम के क्वाटर फाइनल में भारत के लक्ष्य सेन, किदांबी श्रीकांत और मंजूनाथ मिथन की टीम ने नेपाल की टीम को 3-0 से हरा दिया। भारत के तीनों खिलाड़ियों ने अपने मैच 2-0 से सीधे गेम जीते। इसी के साथ भारतीय टीम ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर गई है। एशियाड में बैडमिंटन में सेमीफाइनल में क्वालिफाई करने पर ब्राॅन्ज मेडल मैच नहीं खेला जाता और दोनो सेमीफाइनलिस्ट टीमों को ब्राॅन्ज दिया जाता है।
थाईलैंड के खिलाफ महिला टीम इवेंट में हम मेडल की होड़ से बाहर हो गए हैं। हमें 3-0 से हार का सामना करना पड़ा है।
हैंडबाॅल:चीन से हारा भारत भारतीय महिला हैंडबॉल टीम 2023 एशियाई खेलों में महिला हैंडबॉल टूर्नामेंट के ग्रुप बी मैच में चीन से 30-37 से हार गई।
चेस: विमेंस और मेंस टीम पहले राउंड में जीती
भारतीय विमेंस चेस टीम ने राउंड 1 में फिलीपींस को 3.5 – 0.5 से हराया। डी हरिका, आर वैशाली और सविता बस्कर ने अपने-अपने मैच जीते, जबकि वंतिका अग्रवाल ने जान फ्रोंडा से ड्राॅ खेला।
चेस के मेंस टीम राउंड 1 में भारतीय टीम ने मंगोलिया को 3.5-0.5 से हरा दिया है। भारत के प्रगनानंदा, विदित, अरूण ने अपने मैच जीते वहीं गुकेश ने ड्राॅ खेला।
गोल्फ: भारत को नहीं मिला मेडल
अनिरबान लहरी ने मेंस गोल्फ इवेंट के दूसरे राउंड के बाद 18 होल के बाद 12 अंडर पार के स्कोर के साथ टी9 पर रहे। शुभंकर शर्मा ने 7 अंडर पार के साथ टी29 पर फीनिश किया। शिव चौरसिया और खलिन जोशी ने 5 अंडर पार के साथ टी29 पर फीनिश किया।
ई-स्पोर्ट्स: भारत DOTA-2 गेम में हारा
ई-स्पोर्ट्स के DOTA-2 गेम में भारत पहले दो मैच हार गया है। पहले मैच में भारत को किर्गिस्तान ने 0-1 से हराया। वहीं दूसरे मैच में फिलिपीन्स से हार का सामना करना पड़ा। ई-स्पोर्ट्स एशियाड में पहली बार शामिल किया गया है। DOTA के अलावा एशियाड में ई-स्पोर्ट्स में फीफा और लीग ऑफ लेजेंड्स गेम भी है।
हैमर थ्रो: भारत को मेडल नहीं
विमेंस हैमर थ्रो के फाइनल में भारत की तान्या चौधरी और रचना कुमारी क्रमशः सातवें और नौवें स्थान पर रहीं। तान्या ने 60.50 की दूरी पर बाॅल फेंकी जबकि रचना 58.13 की दूरी तय कर पाई।
टेबल-टेनिस: अयहिका-सुतिर्था की जोड़ी क्वार्टरफाइनल में पहुंची
विमेंस डबल्स के राउंड ऑफ 16 में भारत की अयहिका मुखर्जी और सुतिर्था मुखर्जी की जोड़ी क्वाटर फाइनल में पहुंच गई है। भारतीय जोड़े ने थाइलैंड की जिन्निप्पा और वानविसा को 11-8,11-7,11-4 से लगातार तीन सेट में हराया।
मेंस सिंगल्स के राउंड ऑफ 16 में भारत के साथियान गणनाशेखरन को हार का सामना करना पड़ा। साथियान को चीन के चीक्वीन वांग ने 4-0 से हराया। इसी के साथ साथियान मेडल की दौड़ से बाहर हो गए हैं।
एथलेटिक्स : 20 किमी वॉक रेस में भारतीय पुरुष और महिला एथलीट मेडल से चूके
एथलेटिक्स के 20 किमी वॉक रेस में भारतीय पुरुष और महिला एथलीट मेडल से चूक गए। प्रियंका गोस्वामी एक घंटे, 43 मिनट और सात सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान रहीं। वहीं विकास सिंह भी 1:27.33 के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे। जबकि संदीप कुमार को अयोग्य घोषित कर दिया गया।

बास्केटबाॅल: भारत चीन से हारा
भारत की 3×3 मेंस बास्केटबॉल टीम राउंड रॉबिन पूल सी मैच में चीन से 15-18 से हार गई। चीन के लिए जियारेन झाओ ने सबसे ज्यादा 10 बास्केट किए जबकि भारत के लिए प्रणव प्रिंस ने सर्वाधिक छह बास्केट किए।
स्विमिंग: अद्वैत पागे ने सांतवें नंबर पर फिनिश किया
भारत के अद्वैत पागे मेंस 200 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में 2:02.67 के समय के साथ सातवें स्थान पर रहे। पागे चीन की जियायु जू से 7.30 सेकंड पीछे रहे जिन्होंने गोल्ड जीता।
दूसरी ओर भारत के सजन प्रकाश मेंस 200 मीटर बटरफ्लाई के फाइनल में 1:57.44 के समय के साथ सातवें स्थान पर रहे।
