भोपाल : 14 जुलाई।खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा विचाराधीन ब्रेक डांस अकादमी के लिए 4 संभाग इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर के बाद गुरुवार को भोपाल में टैलेंट सर्च सम्पन्न हुए। इसमें लगभग 105 युवाओं ने अपना हुनर दिखाया, इसमें से 29 लड़के और 13 लड़कियों का चयन अगले चरण के लिए किया गया है।
मध्यप्रदेश की पहल सराहनीय- ब्रेक डांस की प्रतिभाओं को जज करने के लिए देश के प्रख्यात बी बॉय (ब्रेक डांसर) श्री आरिफ इक़बाल चौधरी अपनी टीम के साथ उपस्थित थे। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार की सराहना करते हुए कहा कि ब्रेक डांस अकादमी के शुरू होने से युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण के साथ अंतराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में बेहतर ढंग से अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा। इस बार पेरिस ओलम्पिक 2024 में ब्रेक डांसिंग को शामिल किया गया है। श्री आरिफ ने कहा कि खेल मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया के प्रयासों से प्रदेश के ब्रेक डान्सर्स को मौका मिलेगा जो हमें नहीं मिला।
खेल मंत्री ने भी देखा ब्रेक डान्सर्स का हुनर- खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया टी. टी. नगर स्टेडियम में आयोजित हुए ब्रेक डांसिंग के टैलेंट सर्च को देखने पहुंची। उन्होंने टैलेंट सर्च के जजों से आए हुए प्रतिभागियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हमारी जो खेल अकादमियां संचालित हैं, वे सभी अकादमी ऑफ एक्सीलेंस हैं। अंतराष्ट्रीय ओलम्पिक कमेटी द्वारा ब्रेक डांस को ओलम्पिक ब्रेकिंग के नाम से शामिल किया गया है। श्रीमती सिंधिया ने कहा कि डांस युवाओं में बहुत लोकप्रिय है। इसलिए हम ब्रेक डान्सर्स को प्लेटफार्म देने की तैयारी कर रहे हैं। ये हमारे लिए एक सुनहरा अवसर और चुनौती दोनों हैं, विभाग द्वारा इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और भोपाल में टैलेंट सर्च आयोजित कर प्रदेश की प्रतिभाओं का चयन किया है।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण श्रीमती दिप्ति गौंड़ मुखर्जी, संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्री रवि कुमार गुप्ता और प्रमुख जज श्री आरिफ इक़बाल चौधरी के साथी रमन कुमार दुबे, रंजन यादव तथा नितिन जैन उपस्थित थे।
