IND vs ENG ODIs RECORDS: इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज जीतने के बाद टीम इंडिया मंगलवार से शुरू होने जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखना चाहेगी। दूसरी तरफ इंग्लैंड ने पिछले कुछ वर्षों में अपने आक्रामक खेल से वनडे क्रिकेट खेलने के तरीके को पूरी तरह से बदल दिया है। टीम को इसका फायदा 2019 विश्व कप खिताब के साथ मिला था। इस साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप को देखते हुए रोहित ने कहा कि सफेद गेंद के प्रारूप में टीम का हर मैच अब अहम होगा। भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज के मुकाबले 12, 14 और 17 जुलाई को खेले जाएंगे।
भारतीय टीम का ओवल में वैकल्पिक प्रशिक्षण सत्र होगा जिसमें टी20 से वनडे सीरीज में हुए बदलाव से सामंजस्य बैठाने पर जोर देना होगा। यह सीरीज सिर्फ वनडे में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे शिखर धवन जैसे खिलाड़ी के लिए काफी अहम होगी क्योंकि आगामी वेस्टइंडीज दौरे पर उन्हें टीम की कप्तानी करनी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीमित मौके मिलने के बाद भी बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। धवन वनडे खेलें या आईपीएल उनके बल्ले से लगातार रन निकल रहे हैं।
भारतीय प्रशंसकों को हालांकि विराट कोहली के लय में लौटने का इंतजार है। इस दौरे पर टेस्ट और टी20 में उनके बल्ले से रन नहीं निकले। टीम के नए रूख को देखते हुए उन पर पहली ही गेंद से रन बनाने का दबाव होगा। वनडे होने से हालांकि लय हासिल करने का उनके पास थोड़ा अधिक समय होगा। रविवार को टी20 मैच में छह गेंद की पारी में उन्होंने शानदार चौका और छक्का जड़ा लेकिन ज्यादा आक्रामक रूख अपनाने का खामियाजा भुगतना पड़ा।
इंग्लैंड बनाम भारत के बीच Head-to-Head रिकॉर्ड्स
भारत का इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में अब तक शानदार रिकॉर्ड्स रहा है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया अपने उसी रिकॉर्ड को यहां भी कायम रखना चाहेगी। 50 ओवरों के फॉर्मेट में भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 103 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 55 और इंग्लैंड ने 43 जीते हैं। दोनों टीमों के बीच दो मैच ड्रॉ पर छूटा है जबकि तीन मैचों का कोई रिजल्ट नहीं आया है। दोनों टीमें आखिरी बार 2021 में एक-दूसरे से भिड़ी थी, जहां भारत ने 2-1 से सीरीज जीती थी।
भारत और इंग्लैंड की वनडे टीम:
इंग्लैंड: जोस बटलर (कप्तान), मोईन अली, जॉनी बेयरस्टो, हैरी ब्रूक, ब्रायडन कार्स, सैम कुरेन, लियाम लिविंगस्टोन, क्रेग ओवरटन, मैथ्यू पार्किंसन, जो रूट, जेसन रॉय, फिल साल्ट, बेन स्टोक्स, रीसे टॉपली, डेविड विली।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, ईशान किशन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद शमी , मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।
