कोलकाता। रणजी ट्रॉफी के पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी सर्विसेज के खिलाफ बंगाल के दूसरे मैच में नहीं खेले। रविवार से शुरू हुए इस मुकाबले में शमी की गैरमौजूदगी ने कई सवाल खड़े किए। हालांकि, बंगाल के कोच लक्ष्मीरतन शुक्ल ने स्पष्ट किया कि शमी पूरी तरह फिट हैं और उन्हें आराम दिया गया है।
पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद शुक्ल ने कहा, “शमी फिट हैं। दिल्ली के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने काफी ओवर गेंदबाजी की थी। उन्होंने खुद आराम मांगा था। शमी तो चीते की तरह हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि शमी को आराम देने से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। हालांकि, आकाशदीप और मुकेश कुमार जैसे प्रमुख गेंदबाजों की अनुपस्थिति में शमी को आराम देने के फैसले की विस्तृत वजह उन्होंने नहीं बताई।
राष्ट्रीय टीम में खेलने का सपना बरकरार
दूसरी ओर, बंगाल के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने साफ किया कि भारतीय टीम की ओर से खेलने का उनका सपना आज भी कायम है। घरेलू क्रिकेट में 8,000 से अधिक रन बना चुके 31 वर्षीय ईश्वरन बंगाल और भारत-ए टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। वह भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें सीनियर भारतीय टीम की ओर से खेलने का अवसर नहीं मिला है।
ईश्वरन ने कहा, “जब से क्रिकेट खेलना शुरू किया, तभी से भारत के लिए खेलना मेरा सपना रहा है। उससे पहले मैं बंगाल के लिए खेलना चाहता था, क्योंकि यही मेरी जड़ें हैं। राज्य की टीम की कप्तानी करके मुझे खुशी है।”
भारतीय टीम में जगह नहीं मिलने से निराशा के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह इस बारे में ज्यादा नहीं सोचते। उनके अनुसार, टीम से बाहर होने पर मन में �


