नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने न्यूजीलैंड के आगामी दौरे 2026 के लिए भारतीय वनडे और टेस्ट टीमों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इस दौरे पर भारत को पांच मैचों की वनडे सीरीज और टेस्ट सीरीज खेलनी है। बीसीसीआई ने वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए वनडे सीरीज के लिए दो अलग-अलग टीमों की घोषणा की है। शुरुआती तीन वनडे मैचों की कमान शुभमन गिल को सौंपी गई है, जबकि श्रेयस अय्यर उप-कप्तान की भूमिका में होंगे। वहीं, आखिरी दो वनडे मैचों में श्रेयस अय्यर टीम का नेतृत्व करेंगे।
मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर को नहीं मिली जगह
घोषित की गई टीमों में सबसे चौंकाने वाला फैसला अनुभवी तेज गेंदबाजों मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार को बाहर रखना रहा है। दोनों में से किसी भी दिग्गज गेंदबाज को वनडे या टेस्ट में से किसी भी फॉर्मेट में जगह नहीं दी गई है। उम्मीद थी कि अजीत अगरकर के मुख्य चयनकर्ता पद से हटने के बाद ये खिलाड़ी वापसी कर सकते हैं। चयनकर्ताओं ने तेज गेंदबाजी आक्रमण में जसप्रीत बुमराह (केवल टेस्ट), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, अंशुल कंबोज और गुरनूर बराड़ जैसे युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है।
ईशान किशन को बनाया वाइस कैप्टन
इस टीम चयन का एक और मुख्य आकर्षण विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को मिली बड़ी जिम्मेदारी है। ईशान किशन को चौथे और पांचवें वनडे मैच के लिए भारतीय टीम का उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। ईशान को मिली यह नई जिम्मेदारी उनके अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हो सकती है।
टेस्ट टीम का भी ऐलान
टेस्ट सीरीज की बात करें तो इसकी कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी और केएल राहुल उप-कप्तान के रूप में उनके साथ होंगे। टेस्ट टीम में यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव जैसे खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। वहीं वनडे स्क्वाड में युवा प्रतिभाओं जैसे नमन धीर, नितिश कुमार रेड्डी, आकिब नबी, यश ठाकुर और कुमार कुशाग्र को भी मौका दिया गया है।
शुरुआती 3 वनडे के लिए भारतीय स्क्वाड:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नितिश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा (फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन), कुलदीप यादव
आखिरी 2 वनडे के लिए भारतीय स्क्वाड:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर / उप-कप्तान), नितिश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर, कुलदीप यादव


