नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए महेंद्र सिंह धोनी ने एक भी मैच नहीं खेला था। इंजरी की वजह से 45 साल के धोनी पूरे सीजन बेंच पर रहे। सीजन शुरू होने से पहले ही उनके घुटने में परेशानी हो गई थी। आईपीएल 2027 के शुरू होने में करीब 6 महीने का समय बचा हुआ है। धोनी के अगले सीजन में खेलने पर अभी तक स्थिति साफ नहीं है।
धोनी को लेकर बद्रीनाथ का दावा
चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व बल्लेबाज एस बद्रीनाथ ने दावा किया है कि महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में नहीं खेलेंगे। उन्होंने दावा किया है कि धोनी ने खुद उन्हें यह बात की। अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए बद्रीनाथ ने कहा, ‘उन्होंने खुद मुझसे कहा है कि वह इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में नहीं खेलेंगे। वह खुद को फुल-टाइम विकेटकीपर मानते हैं, जिसका मतलब है कि उन्हें पूरे 20 ओवर तक मैदान पर रहना होगा। इसलिए वह इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर नहीं खेलेंगे।
हालांकि एस बद्रीनाथ ने माना कि अगर धोनी इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेलते हैं तो यह सीएसके के लिए फायदेमंद होगा। उन्होंने आगे कहा- मुझे लगता है कि अगर वह ऐसा करते हैं, तो सीएसके को रणनीतिक तौर पर फायदा होगा। उनका शरीर लंबे समय तक खेलने का दबाव नहीं झेल सकता, जैसा कि फ्लेमिंग ने भी कहा है। वह 16वें ओवर के बाद ही बैटिंग करने और विकेटकीपिंग करने वाले हैं। जब उनकी भागीदारी इतनी कम है, तो इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर वह सबसे सही रहेंगे।’
आईपीएल में एमएस धोनी का रिकॉर्ड
एमएस धोनी ने 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। तब से वह सिर्फ आईपीएल में खेलते हैं। 278 मैचों के अपने आईपीएल करियर में धोनी ने 38 की औसत और 137 की स्ट्राइक रेट से 5439 रन बनाए हैं। उनकी कप्तानी में सीएसके ने 5 बार खिताब जीता है। वह आईपीएल में सबसे ज्यादा 201 शिकार करने वाले विकेटकीपर भी हैं।


