नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के निराशाजनक सीजन के बाद चेन्नई सुपर किंग्स और स्टीफन फ्लेमिंग की राहें अलग हो गई हैं। इसके बाद से ही फ्रेंचाइजी के नए हेड कोच को लेकर बाजार गर्म है। भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि इंग्लैंड को अपनी कप्तानी में वनडे वर्ल्ड कप जिताने वाले इयान मॉर्गन, फ्लेमिंग की जगह लेने के सबसे बड़े दावेदार हैं। अश्विन के मुताबिक, भले ही मॉर्गन के पास हाई-लेवल कोचिंग का अनुभव नहीं है, लेकिन केकेआर को 2021 के फाइनल तक पहुंचाने का उनका रिकॉर्ड उन्हें एक मजबूत विकल्प बनाता है।
मैकुलम की जगह मॉर्गन को क्यों मिल सकती है तवज्जो?
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर खुलासा किया कि ब्रेंडन मैकुलम का नाम भी इस रेस में शामिल था, लेकिन इंग्लैंड की वनडे और टी20 टीम के साथ व्यस्तताओं के कारण उनका आना मुश्किल है। अश्विन ने कहा, ‘मुझे अंदर से लग रहा है कि इयान मॉर्गन सीएसके में आ सकते हैं… उनके नाम की चर्चा काफी जोरों पर है और शुरुआती दौर की बातचीत भी शुरू हो चुकी है। अब दो ही स्थितियां संभव हैं—या तो मॉर्गन इसी साल पद संभालेंगे, या फिर मिनी ऑक्शन में कोई और टीम तैयार करेगा और मॉर्गन बाद में कमान संभालेंगे।’
धोनी के इर्द-गिर्द बने नया कोचिंग सेटअप
अश्विन का मानना है कि फ्लेमिंग के जाने के बाद सीएसके इस समय एक नाजुक मोड़ पर खड़ी है और टीम को इस संकट से उबारने के लिए स्थिरता की सख्त दरकार है। उन्होंने सुझाव दिया कि अगले एक साल तक एमएस धोनी को ही मुख्य रणनीतिकार की भूमिका निभानी चाहिए। धोनी के छत्रछाया में मॉर्गन या किसी अन्य नए दिग्गज को सेट करना फ्रेंचाइजी के लिए सही कदम होगा।
बरगद के पेड़ से की धोनी के प्रभाव की तुलना
धोनी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए अश्विन ने कहा, ‘मेरा पूरा विश्वास है कि एमएस धोनी के नेतृत्व में जैसे बरगद के पेड़ की जड़ें और शाखाएं सहारा देती हैं, बाकी सपोर्ट स्टाफ मिलकर काम करेगा। कम से कम अगले एक साल के लिए यही रास्ता सही रहेगा, क्योंकि अभी मेगा ऑक्शन में एक साल का वक्त है। धोनी की कमान में ही नए कोचिंग ग्रुप को जिम्मेदारी सौंपना सबसे व्यावहारिक फैसला होगा।’


