हरारे: भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 5 विकेट खोकर 219 रन का स्कोर बनाया। टीम इंडिया ने एक कैलेंडर ईयर में 9वीं बार टी20 क्रिकेट में 200+ का आंकड़ा छुआ है। इसी के साथ भारत ने कैलेंडर ईयर में टी20 क्रिकेट के दौरान सबसे ज्यादा बार इस आंकड़े को छूने के मामले में अपने ही रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
2024 में भी किया था ऐसा ही
इससे पहले, टीम इंडिया ने साल 2024 में 9 बार टी20 क्रिकेट में यह आंकड़ा छुआ था। साल 2023 में भारत ने 7 बार ऐसा किया। जापान (साल 2024) और ऑस्ट्रिया (साल 2025) की टीमें 7-7 बार ऐसा कर चुकी हैं। इंग्लैंड (साल 2022), साउथ अफ्रीका (साल 2022) और वेस्टइंडीज (साल 2024) ने ऐसा 6-6 बार किया।
टीम इंडिया के बल्लेबाजों का कमाल
शनिवार को टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 219 रन बनाए। टीम इंडिया ने 29 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो दिए थे। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने ईशान किशन के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 66 रन की साझेदारी की।
तिलक वर्मा और ईशान किशन का कमाल
अय्यर 20 गेंदों में 4 चौकों के साथ 25 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ईशान किशन ने तिलक वर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों में 94 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। ईशान 44 गेंदों में 2 छक्कों और 9 चौकों के साथ 81 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाले रखा। तिलक 29 गेंदों में 60 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी इस पारी में 3 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। इनके अलावा, रिंकू सिंह ने 12 रन और शिवम दुबे ने नाबाद 6 रन टीम के खाते में जोड़े।


