नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेलने के लिए तैयार है। इस सीरीज में किसी खिलाड़ी को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है तो वह वैभव सूर्यवंशी हैं। 15 साल के वैभव टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। माना जा रहा है कि आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में उनका डेब्यू हो सकता है।
बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने वैभव सूर्यवंशी को सराहा
भारतीय टीम के बल्लेबाज कोच सितांशु कोटक ने आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज शुरू होने से पहले वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘वह बहुत ही टैलेंडेड खिलाड़ी है, यह हम सब जानते हैं। उसने कई स्तरों से गुजरकर यह मुकाम हासिल किया है। हमने उससे कहा कि वह अपनी क्रिकेट का आनंद ले और बेझिझक सवाल पूछे या अपनी बात कहे। गौतम ने भी इसी बात पर जोर दिया।’
वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू के लिए इंतजार करना होगा?
वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर भी सितांशु कोटक से सवाल हुआ लेकिन उन्हें जो कहा वो वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू का इंतजार कर रहे फैंस के लिए झटके जैसा है। कोटक ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि सिर्फ किसी को मौका देने के लिए हमें ऐसे खिलाड़ी को बाहर करना चाहिए जो पहले से ही रन बना रहा है। यह सही भी नहीं होगा। जाहिर है, यह टीम मैनेजमेंट पर निर्भर करता है और हम इस मैच में क्या करने की योजना बना रहे हैं, यह अलग बात है। लेकिन मुझे लगता है कि किसी को मौका देने और किसी दूसरे खिलाड़ी के साथ नाइंसाफी करने के बीच बहुत बारीक फर्क होता है।
भारत के लिए टॉप-3 ने काफी रन बनाए हैं
वैभव सूर्यवंशी सलामी बल्लेबाज हैं। अगर उन्हें मौका देना है तो अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की ओपनिंग जोड़ी तोड़नी होगी। इसके साथ ही संजू, ईशान और अभिषेक में से किसी एक को बाहर करना होगा। इन तीनों ने टी20 विश्व कप के फाइनल में अर्धशतक लगाया था। संजू उसमें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट थे। ईशान किशन ने 300 से ज्यादा रन बनाए थे। अभिषेक टी20 में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज हैं।


