नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के 15 साल के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी की गूंज अब सरहदों के पार पहुंच चुकी है। आईपीएल 2026 के सीजन में राजस्थान रॉयल्स के इस ओपनर ने बल्ले से ऐसा गदर मचाया कि दिग्गज खिलाड़ी उनकी तारीफ करने के लिए शब्दों की कमी महसूस कर रहे हैं। इस कड़ी में अब नया नाम दक्षिण अफ्रीका के महानतम तेज गेंदबाज डेल स्टेन का जुड़ गया है।
डेल स्टेन ने वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि यह खिलाड़ी अपने करियर के अंत तक सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली दोनों से बड़ा नाम बन सकता है। हालांकि, भारतीय टीम के लिए उनके संभावित डेब्यू से पहले स्टेन ने बीसीसीआई को एक बड़ीचेतावनी भी दी है।
वैभव सूर्यवंशी को लेकर ये बोले डेल स्टेन
साउथ अफ्रीका टी20 के 5वें सीजन के प्रमोशन के दौरान बात करते हुए डेल स्टेन ने स्पष्ट किया कि साउथ अफ्रीका में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन वैभव जैसा अद्भुत खिलाड़ी उनके पास भी नहीं है। डेल स्टेन ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि इस समय दक्षिण अफ्रीका में 14 या 15 साल का कोई ऐसा वंडरकिड है जो वैभव की बराबरी कर सके। हमारे पास अंडर-19 और स्कूल सर्किट में अविश्वसनीय टैलेंट आ रहा है, लेकिन वैभव सूर्यवंशी बिल्कुल अलग लेवल की चीज हैं। वे इस उम्र में भी कई इंटरनेशनल खिलाड़ियों से बेहतर हैं और भारतीय क्रिकेट का एक अनमोल खजाना हैं।’
सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली से भी बड़े बनेंगे वैभव?
आईपीएल 2026 के दौरान भारत में बतौर कॉमेंटेटर मौजूद रहे डेल स्टेन ने वैभव को लेकर अब तक की सबसे बड़ी भविष्यवाणी कर डाली। स्टेन ने कहा कि जब आप सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे महान खिलाड़ियों के बारे में सोचते हैं, तो यह बच्चा उन दोनों के रिकॉर्ड्स को ध्वस्त करने का माद्दा रखता है। अपने करियर के अंत तक वैभव सूर्यवंशी इन दोनों दिग्गजों के कुल कद से भी बड़े खिलाड़ी बनकर उभर सकते हैं। गौरतलब है कि आईपीएल 2026 में वैभव ने 776 रन बनाए थे और 5 व्यक्तिगत अवॉर्ड्स अपने नाम किए थे।
भारतीय क्रिकेट को डेल स्टेन की बड़ी चेतावनी
वैभव की इस अकल्पनीय प्रतिभा की तारीफ करने के साथ ही डेल स्टेन ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड को सचेत भी किया है। उन्होंने कहा, ‘मैं इस बात को लेकर बहुत सतर्क रहने की सलाह दूंगा कि वैभव को कैसे मैनेज किया जाता है और उनकी देखभाल कैसे होती है। बड़ी जिम्मेदारी के साथ बड़े पुरस्कार तो मिलते हैं, लेकिन अगर इस विलक्षण प्रतिभा को ठीक से नहीं संभाला गया, तो भारत इस खिलाड़ी को बीच रास्ते में खो भी सकता है।’ स्टेन की यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब वैभव सूर्यवंशी को हाल ही में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 इंटरनेशनल सीरीज के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए भी भारतीय टीम में पहली बार चुना गया है।


