मुल्लांपुर: अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में भारत के 23 साल के युवा स्पिनर मानव सुथार ने अपने ड्रीम डेब्यू से हर किसी को अपना मुरीद बना लिया है। पहली पारी में महज 33 रन देकर 6 विकेट चटकाने वाले मानव सुथार के इस जादुई प्रदर्शन को देखकर भारत के महान पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर भी बेहद प्रभावित नजर आए। लिटिल मास्टर ने मानव सुथार की गेंदबाजी की जमकर तारीफ की है और बताया है कि क्यों यह युवा गेंदबाज भारतीय क्रिकेट का एक बड़ा और लंबा भविष्य बनने की काबिलियत रखता है।
सुनील गावस्कर ने कही ये बात
मैच के दौरान ब्रॉडकास्टर से बातचीत करते हुए सुनील गावस्कर ने उन आलोचकों को करारा जवाब दिया जो अक्सर भारतीय स्पिनरों की सफलता का श्रेय सिर्फ टर्निंग पिचों को देते हैं। गावस्कर ने मानव सुथार की तारीफ करते हुए कहा, ‘लोग कहते हैं कि एक स्पिन गेंदबाज भारत में इसलिए सफल होता है क्योंकि उसे पिच से मदद मिलती है और परिस्थितियां उसके अनुकूल होती हैं। लेकिन मैं कहूंगा कि यहां अफगानिस्तान के खिलाफ पिच को समीकरण से पूरी तरह बाहर निकाल दीजिए। गेंदबाजी का सीधा मतलब स्किल और कंट्रोल से होता है और इस युवा खिलाड़ी ने मैदान पर ठीक यही दिखाया है।’ गावस्कर ने आगे सुथार के बॉलिंग एक्शन का विश्लेषण करते हुए कहा, ‘मानव सुथार का बॉलिंग एक्शन बेहद सिंपल है। यही साधारण एक्शन उन्हें गजब की सटीक गेंदबाजी करने में मदद करता है, जिससे वे बल्लेबाजों को लगातार एक ही टप्पे पर परेशान कर पाते हैं।


