कोलकाता।T20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड आमने-सामने हैं। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर साउथ अफ्रीकी की टीम पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। साउथ अफ्रीका की पारी का आगाज उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। 2 ओवर में ही 12 रन के स्कोर पर 2 विकेट गिर गए। इसके बाद कप्तान एडन मारक्रम ने डेविड मिलर के साथ पारी को संभाला और टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। इसके बाद कुछ ऐसा हुआ, जिसने सभी को हैरान कर दिया।
इस घटना ने अब फैंस से लेकर कमेंट्री बॉक्स तक बहस छेड़ दी।
मिचेल के कैच पर उठे सवाल
दरअसल, साउथ अफ्रीका के कप्तान एडन मारक्रम को 8वें ओवर में आउट दिया गया, जब रचिन रवींद्र की गेंद पर उन्होंने लंबा शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद बल्ले के अंदरूनी हिस्से से लगकर लॉन्ग-ऑन की ओर गई, जहां डेरिल मिचेल ने आगे की ओर डाइव लगाते हुए लो कैच पकड़ा। कैच बेहद नजदीकी था और ऐसा लगा कि गेंद जमीन को छू गई हो। खुद मिचेल ने भी तुरंत जश्न नहीं मनाया और थर्ड अंपायर का इशारा किया, जिससे संदेह और बढ़ गया। इसके बाद ऑन-फील्ड अंपायर एलेक्स वार्फ ने फैसला थर्ड अंपायर के पास भेजा।
थर्ड अंपायर के फैसले पर खड़े हुए सवाल
थर्ड अंपायर नितिन मेनन ने कई एंगल से काफी रिप्ले देखे। फ्रंट एंगल से देखने पर लगा कि गेंद का कुछ हिस्सा जमीन को छू रहा है। हालांकि, साइड-ऑन एंगल में ऐसा प्रतीत हुआ कि मिचेल ने गेंद के नीचे उंगलियां लगा ली थीं और गेंद जमीन से पहले ही उनके कंट्रोल में थी। कई एंगल से रिप्ले देखने के बाद नितिन मेनन संतुष्ट दिखे और उन्होंने कैच को क्लीन मानते हुए मारक्रम को आउट करार दे दिया। इस फैसले से जहां कीवी खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। वहीं, साउथ अफ्रीकी टीम के फैंस नाराज हो गए। हालांकि अंतिम फैसला आ चुका था, ऐसे में इस पल ने सेमीफाइनल के हाई-प्रेशर माहौल में विवाद को जन्म दे दिया।


