नई दिल्ली: एशिया कप में भारत और पाकिस्तान की टीमों में बढते तनाव के बीच आईसीसी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पहलगाम आतंकवादी हमले पर टिप्पणी के लिये भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पर मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया है जिसके खिलाफ बीसीसीआई ने अपील की है जबकि भड़काऊ इशारे करने वाले पाकिस्तान के हारिस रऊफ को भी समान सजा सुनाई गई है। वहीं रविवार को भारत के खिलाफ मैच के दौरान बंदूक चलाने के अंदाज में जश्न मनाने वाले पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। मैच रैफरी रिची रिचर्डसन ने शुक्रवार को मामले की सुनवाई की।
समझा जाता है कि बीसीसीआई रिचर्डसन की इस राय से सहमत नहीं है कि सूर्यकुमार ने आतंकवादी हमले के पीड़ितों और अपने देश की सेना के प्रति एकजुटता दिखाकर आचार संहिता का उल्लंघन किया है। जानकार सूत्र ने कहा, ‘अगर भारतीय सेना के लिए खड़े होने वाले अपने कप्तान को बीसीसीआई सजा से बचा नहीं पाती तो इसका बुरा प्रभाव पड़ेगा। बीसीसीआई को कप्तान के लिये फटकार भी स्वीकार नहीं करनी चाहिये क्योंकि इसके भी मायने होंगे कि सूर्यकुमार दोषी है।’


