नई दिल्ली: आईपीएल में केकेआर के स्टार और टीम इंडिया के नए फिनिशर रिंकू सिंह इन दिनों उत्तर प्रदेश टी20 लीग में धूम मचा रहे हैं। यूपी टी20 लीग के दौरान ही रिंकू सिंह का एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चयन भी हुआ। टीम इंडिया में नाम आने के बाद उन्होंने यूपी टी20 लीग में अपनी टीम मेरठ मैरविक्स के लिए तूफानी अंदाज शतकीय पारी भी खेली।
इस शतकीय पारी के बाद उनका एक इंटरव्यू आया है जिसमें उन्होंने उस घटना का जिक्र किया रिंकू को टी20 विश्व कप 2024 के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी।
इस इंटरव्यू में रिंकू सिंह ने आईपीएल टीम केकेआर के ओनर शाहरुख खान से जुड़ा का एक दिलचस्प किस्सा भी शेयर किया। रिंकू ने बताया कि, ‘ये वो समय था जब मेरा चयन भारतीय टीम में नहीं हुआ। मैं स्टैंडबाय लिस्ट में था। टी20 विश्व कप 2024 के लिए टीम पहले ही जा चुकी थी और मुझे वीजा की औपचारिकताओं के लिए मुंबई जाना था। सर (शाहरुख खान) को भी अगले दिन निकलना था। मेरी फ्लाइट पहले ही बुक हो चुकी थी और मैं अकेले जाने वाला था।’
शाहरुख के साथ नहीं जाना चाहते थे रिंकू
उन्होंने कहा, ‘मेरे बारे में किसी तरह सर या पूजा मैम को पता चला और उन्होंने कहा कि मुझे सर के साथ ट्रैवल करनी चाहिए। मैं पूरी तरह से घबरा गया था जैसे कि मैं सर के साथ अकेले ट्रैवल करूंगा? मैं खुद को कैसे संभालूंगा? मैं क्या कहूंगा? मैंने कई बार मना करने की कोशिश की।’ हालांकि, जब शाहरुख सर ने खुद उनसे साथ चलने के लिए कहा तो वह मना नहीं कर पाए। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने यह भी बताया कि सफर के दौरान उन्होंने उन्हें बहुत प्रोत्साहित किया।


