तिरुवनंतपुरम: भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का केरल क्रिकेट लीग में डेब्यू हो गया है। वह कोच्चि ब्लू टाइगर्स टीम का हिस्सा हैं। गुरुवार से ही लीग का दूसरा सीजन शुरू हुआ है। टूर्नामेंट के पहले दिन दूसरे मुकाबले में ग्रीनफील्ड अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में कोच्चि ब्लू टाइगर्स का मुकाबला अडानी त्रिवेंद्रम रॉयल्स से हुआ। संजू सैमसन के भाई सैली विश्वनाथ इस टीम की कप्तानी कर रहे हैं। संजू इस लीग का पहला सीजन नहीं खेल पाए थे।
अस्पताल से छट्टी लेकर खेलने पहुंचे संजू
संजू सैमसन गुरुवार को दोपहर 3 बजे तक अस्पताल में थे। मैच की शुरुआत 7 बजकर 45 मिनट पर हुई और उन्होंने मुकाबला खेला। संजू वायरल बुखार से पीड़ित थे। संजू सैमसन के एक करीबी ने मायखेल को बताया, ‘संजू को बुखार है और उन्हें खांसी भी है। उनकी तबीयत फिलहाल ठीक नहीं है और वह आराम कर रहे हैं। अभी वह घर पर हैं।’
संजू सैमसन की पत्नी ने भी इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर की है। इसमें दिख रहा है कि विकेटकीपर बल्लेबाज के हाथ पर ड्रिप के लिए इंजेक्शन लगा है। वैसे तो संजू सलामी बल्लेबाजी करते हैं। हालांकि उनकी टीम को छोटा लक्ष्य मिला इसलिए वह बैटिंग के लिए नहीं आए।


