मैनचेस्टर टेस्ट में भय, रोमांच और खुशी का कम्प्लीट पैकेज देखने को मिला। दूसरी पारी में भारत ने 2 विकेट बिना कोई रन बनाए ही खो दिए। इसके बाद केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल ने चौथे दिन के अंत तक और आखिरी दिन की शुरुआत तक मैच को ड्रॉ कराने के लिए संघर्ष किया।
दोनों ने मिलकर 417 बॉल खेल लीं। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए वॉशिंगटन सुंदर और रवींद्र जडेजा ने शतक लगाकर इंग्लैंड से जीत छीन ली। अंत में मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। यह ड्रॉ भी भारत के लिए जीत से कम नहीं है। इंग्लैंड अभी सीरीज में 2-1 से आगे है। हालांकि, भारतीय टीम सीरीज में जीवित है। आखिरी टेस्ट 31 जुलाई से लंदन में खेला जाएगा।
शतक से चूके राहुल
चौथे दिन स्टंप तक भारतीय टीम का स्कोर 174/2 था। केएल राहुल 87 और शुभमन गिल 78 रन बनाकर खेल रहे थे। आखिरी दिन की शुरुआत में केएल राहुल LBW आउट हुए। वह शतक से चूक गए और 90 के स्कोर पर बेन स्टोक्स का शिकार बने। 88वें ओवर में कप्तान शुभमन गिल कैच आउट हुए। उन्होंने 238 गेंदों पर 103 रन की पारी खेली। गिल के आउट होने के बाद तो इंग्लैंड गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए।जडेजा-सुंदर का शतक
बाएं हाथ के रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने पहले तो संभलकर बल्लेबाजी की। क्रीज पर नजरें जमाने के बाद दोनों ने हाथ खोले और अपने पसंदीदा शॉट लगाए। धीरे-धीरे वह मैच को हार से ड्रॉ की ओर ले गए। इस दौरान दोनों ने अपना शतक लगाया। रवींद्र जडेजा 185 गेंदों पर 107 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं सुंदर ने 206 गेंदों पर 101 रन की नाबाद पारी खेली। यह सुंदर के टेस्ट करियर का पहला शतक है।


