मैनचेस्टर: भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट में जोरदार पलटवार किया है। पहली पारी में 311 रनों से पिछड़ने के बाद भारत ने अपनी दूसरी पारी में पहले ही ओवर में दो विकेट खो दिए।
यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन खाता खोले बिना आउट हो गए। इसके बाद शुभमन गिल और केएल राहुल क्रीज पर टिक गए। चौथे दिन के दूसरे और तीसरे सेशन में इंग्लैंड की टीम एक भी विकेट नहीं ले पाई। स्टंप के समय भारत का स्कोर 2 विकेट पर 174 रन है। हालांकि इंग्लैंड के पास अभी भी 137 रनों की बढ़त है। पहली पारी में भारत ने 358 रन बनाए थे। चौथे दिन पहले सेशन में इंग्लैंड की पहली पारी 669 रनों पर सिमट गई थी। बेन स्टोक्स ने 141 जबकि जो रूट ने 150 रन बनाए।
गिल और राहुल शतक की तरफ
जीरो रन पर दो विकेट गिरने के बाद केएल राहुल और शुभमन गिल ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ही बल्लेबाजों ने काफी सावधानी से बैटिंग की। दोनों के पास मैच के पांचवें दिन शतक लगाने का मौका होगा। गिल ने 72 गेंदों पर अपनी 8वीं टेस्ट फिफ्टी लगाई। हालांकि केएल राहुल ज्यादा संभलकर खेल रहे थे। उन्होंने अपने 50 रन 141 गेंदों पर पूरे किए। स्टंप के समय गिल 78 और राहुल 87 रन बनाकर खेल नाबाद थे।
इस सीरीज में केएल राहुल के 500 रन भी पूरे हो गए हैं। वहीं कप्तान शुभमन गिल भी 700 रनों के करीब हैं। वह इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले एशियाई बल्लेबाज बन गए हैं।
गिल को डॉसन ने जीवनदान दिया
भारतीय कप्तान शुभमन गिल को इंग्लैंड ने जीवनदान भी दिया। 25वें ओवर की आखिरी गेंद पर गिल आउट हो सकते थे। लेकिन लियाम डॉसन ने उनका कैच छोड़ दिया। बैकवर्ड पाइंट पर गेंद को दोनों हाथों से लपकने का उनका पास मौका था लेकिन डॉसन चूक गए। उस समय शुभमन गिल 46 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद भारतीय कप्तान ने इंग्लैंड को कोई मौका नहीं दिया और भारत को मैच में बनाए रखा है।
इंग्लैंड के बॉलर स्टोक्स की कमी खल रही
इंग्लैंड के लिए कप्तान बेन स्टोक्स ने पहली पारी में 5 विकेट लिए थे। वह सीरीज में सबसे ज्यादा 16 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। हालांकि मैनचेस्टर टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने बॉलिंग नहीं की है। मैच के तीसरे दिन उनके पैर में समस्या थी। इसकी वजह से रिटायर्ड हर्ट भी हुए थे। चौथे दिन उन्होंने बैटिंगी की, शतक लगाया लेकिन गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं।


