इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2025) में लीग स्टेज के 46 मैच खत्म हो चुके हैं। रविवार को मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपरजायंट्स को 54 रन से हराया। वहीं रात के मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स पर 6 विकेट से जीत दर्ज की। इन नतीजों से पॉइंट्स टेबल में RCB नंबर-1 और MI नंबर-3 पर पहुंच गई।
लखनऊ की राह मुश्किल हुई
रविवार को पहले मैच में मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े स्टेडियम में 215 रन बनाए। जवाब में लखनऊ सुपरजायंट्स 161 रन ही बना सकी। वहीं दूसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने अरुण जेटली स्टेडियम में 162 रन बनाए। बेंगलुरु ने 18.3 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर टारगेट हासिल कर लिया।
- लखनऊ को 10 मैचों में 5 जीत और 5 हार मिली। टीम 10 पॉइंट्स के साथ छठे नंबर पर है। LSG को प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए बचे हुए चारों मैच जीतने ही होंगे।
- मुंबई को 10 मैचों में 6 जीत और 4 हार मिली। टीम 12 पॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर है। MI को प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए 4 में से 3 मैच जीतने होंगे।
- दिल्ली को 9 मैचों में 6 जीत और 3 हार मिली। टीम 12 पॉइंट्स के साथ चौथे नंबर पर है। DC को प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए 5 में से 3 मैच जीतने होंगे।
- बेंगलुरु को 10 मैचों में 7 जीत और 3 हार मिली। टीम 14 पॉइंट्स के साथ टॉप पर है। RCB को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए 4 में से 2 मैच जीतने होंगे।
आज टॉप पर पहुंच सकती है गुजरात
IPL में आज गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच जयपुर में मैच होगा। GT 8 मैचों में 6 जीत और 2 हार के बाद 12 पॉइंट्स लेकर दूसरे नंबर पर है। आज राजस्थान को हराकर टीम 14 पॉइंट्स के साथ टॉप पर पहुंच सकती है, क्योंकि उनका रन रेट नंबर-1 पर मौजूद RCB से बेहतर है।

