चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया के ऐलान से पहले चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर और रोहित शर्मा की गलती से आपसी बातचीत सामने आ गई। दोनों BCCI के उस फैसले पर बात कर रहे थे, जिसमें बोर्ड ने विदेशी दौरे पर प्लेयर की फैमिली ले जाने पर नियम कड़े कर दिए हैं।
रोहित अगरकर से कह रहे थे…

परिवार का नियम चर्चा करने के लिए अब मेरे को सचिव के साथ वापस बैठना पड़ेगा। सभी खिलाड़ी मेरे को फोन कर रहे हैं।

दरअसल, यह सब शनिवार को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू होने के पहले हुआ। दोनों को पता नहीं था कि माइक ऑन है। वे सहज ही बोर्ड की फैमिली पॉलिसी पर आपस में बात करने लगे। पीसी के दौरान जब पत्रकारों ने रोहित से इस पर सवाल किया तो उन्होंने कहा, ‘आपको इन नियमों के बारे में किसने बताया। क्या यह बोर्ड के आधिकारिक हैंडल से आया है? इसे आधिकारिक तौर पर आने दें। तब बात करेंगे।’
BCCI ने प्रेस कॉन्फ्रेंस चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम का ऐलान करने के लिए बुलाई थी। इसमें 15 मेंबर्स की टीम का ऐलान किया गया।
रोहित की पीसी की 3 बड़ी बातें…
- खुद के रणजी ट्रॉफी खेलने पर… रोहित ने खुद की उपलब्धता के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘पिछले 6-7 साल से अगर आप हमारे कैलेंडर को देखें, तो ऐसा कभी नहीं हुआ कि हम 45 दिनों तक घर बैठे रहे हों। ऐसा तभी होता है, जब IPL के तुरंत बाद कोई इंटरनेशनल मैच नहीं होता है।’
- बुमराह की फिटनेस पर… अभी हम बुमराह के बारे में निश्चित नहीं हैं, इसलिए हमने अर्शदीप सिंह को चुना, ताकि वे जरूरत पड़ने पर उनकी भूमिका निभा सकें।
- सिराज के ड्रॉप होने पर… मोहम्मद सिराज उतने प्रभावी नहीं हैं। गेंद पुरानी होने पर उनकी प्रभावशीलता कम हो जाती है।


