एडिलेड में डे-नाइट टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया मजबूत स्थिति में पहुंच चुका है। शुक्रवार को भारत ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी, लेकिन टीम 180 रन ही बना सकी। दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट खोकर 86 रन बना लिए, टीम 94 रन से ही पीछे हैं।
ऑस्ट्रेलिया से नाथन मैकस्वीनी 38 और मार्नस लाबुशेन 20 रन बनाकर नॉटआउट लौटे। भारत से इकलौता विकेट जसप्रीत बुमराह ने लिया, उन्होंने उस्मान ख्वाजा (13 रन) को कैच आउट कराया। दूसरे दिन का खेल शनिवार सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा।
भारत ने मैच की पहली ही गेंद पर यशस्वी जायसवाल का विकेट गंवा दिया था। शुभमन गिल ने 31 और केएल राहुल ने 37 रन बनाकर पारी संभाली। दोनों के आउट होते ही टीम बिखर गई, विराट कोहली 7 और रोहित शर्मा 3 ही रन बना सके। नीतीश रेड्डी ने 42, रवि अश्विन ने 22 और ऋषभ पंत ने 21 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया से मिचेल स्टार्क ने 6 विकेट लिए। पैट कमिंस और स्कॉट बोलैंड को 2-2 विकेट मिले।
एडिलेड टेस्ट का पहला दिन पूरी तरह से ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा। टीम ने तीसरे सेशन में 1 ही विकेट गंवाया और 86 रन बना लिए। उस्मान ख्वाजा ही 13 रन बनाकर आउट हुए। उनके बाद नाथन मैकस्वीनी 38 और मार्नस लाबुशेन 20 रन बनाकर नॉटआउट लौटे। दोनों के बीच 62 रन की पार्टनरशिप हो चुकी है।
नाथन मैकस्वीनी और मार्नस लाबुशेन ने 26वें ओवर में फिफ्टी पार्टनरशिप पूरी कर ली। मैकस्वीनी ने हर्षित राणा के खिलाफ चौका लगाकर स्कोर 74 रन तक पहुंचाया, इसी के साथ उन्होंने लाबुशेन के साथ अर्धशतकीय साझेदारी कर ली। ऑस्ट्रेलिया ने पहला विकेट 24 रन के स्कोर पर गंवाया था।
बुमराह के 2024 में 50 विकेट पूरे

जसप्रीत बुमराह ने ख्वाजा का विकेट लेते ही साल 2024 में 50 टेस्ट विकेट पूरे कर लिए। वह इस साल टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी हैं। बुमराह ने एक कैलेंडर ईयर में पहली बार 50 टेस्ट विकेट लिए। इससे पहले 2018 में उन्होंने 48 विकेट लिए थे।


