पेरिस ओलिंपिक में भारत ने हॉकी का सेमीफाइनल मैच गंवा दिया है। टीम को जर्मनी ने 3-2 से हरा दिया। भारत अब ब्रॉन्ज मेडल जीतने के लिए स्पेन से भिड़ेगा। मुकाबला 8 अगस्त को शाम 5:30 बजे से खेला जाएगा।जर्मनी से गोनजालो पीलैट ने 18वें, क्रिस्टोफर रूहर ने 27वें और मार्को मिल्टकाऊ ने 54वें मिनट में गोल किया। भारत से हरमनप्रीत सिंह ने 7वें और सुखजीत सिंह ने 36वें मिनट में गोल किया था। 8 अगस्त को रात 10:30 बजे से गोल्ड मेडल मैच जर्मनी और नीदरलैंड के बीच होगा।
जर्मनी ने जीता सेमीफाइनल

मैच में 3 मिनट बचे थे। भारत के गोलकीपर पीआर श्रीजेश मैदान छोड़ कर चले गए। उनकी जगह भारत ने फील्ड प्लेयर बढ़ा लिया। आखिरी मिनट में गोल करने का मौका भी मिला, लेकिन भारत गोल नहीं कर सका। फुल टाइम की व्हिसल बजी और भारत ने गोल्ड मेडल जीतने का मौका लगातार दूसरे ओलिंपिक में गंवा दिया।

चौथे क्वार्टर का खेल शुरू हो चुका है। 3 क्वार्टर के बाद स्कोर 2-2 से बराबर रहा। भारत से हरमनप्रीत सिंह और सुखजीत सिंह ने गोल किए।

तीसरे क्वार्टर में भारत ने दबदबा बनाए रखा।टीम 1-2 से पिछड़ रही थी, लेकिन 36वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया और स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। अब आखिरी क्वार्टर में फैसला होगा।



जर्मनी को 27वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिल गया। क्रिस्टोफर रूहर ने स्ट्रोक लेने में कोई गलती नहीं की और टीम का दूसरा गोल दाग दिया। इस गोल के साथ जर्मनी ने 2-1 की बढ़त बना ली।

दूसरे क्वार्टर के तीसरे मिनट में जर्मनी ने गोल दागकर स्कोरलाइन 1-1 से बराबर कर दी। टीम से पिलाट गोन्जालो ने मैच के 18वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर ही स्कोर किया।


