साउथ अफ्रीका ने ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के 10वें सुपर-8 मैच में वेस्टइंडीज को 3 विकेट से हरा दिया है। साउथ अफ्रीका ने इस जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बना लिया है। वहीं मेजबान वेस्टइंडीज टी-20 वर्ल्ड कप 2024 से बाहर हो चुका है।
सुपर-8 के ग्रुप-2 से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दो टीमें तय हो गईं। साउथ अफ्रीका ने टॉप पर रहते हुए क्वालिफाई किया, जबकि इंग्लैंड की टीम दूसरे स्थान पर रही।
एंटीगुआ में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला लिया। वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका को 136 रन का टारगेट दिया था। हालांकि, बारिश की वजह से डकवर्थ लुईस नियम के तहत तीन ओवर्स घटा दिए गए थे। फिर साउथ अफ्रीका को 17 ओवर में 123 रन का टारगेट मिला। जवाब में साउथ अफ्रीका ने 16.1 ओवर में 7 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया।
साउथ अफ्रीका की ओर से तबरेज शम्सी ने 3 विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच एनालिसिस…
मैच विनर तबरेज शम्सी ने 3 विकेट लिए। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही थी। दो शुरुआती झटकों के बाद काइल मेयर्स ने रोस्टन चेज के साथ तीसरे विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी की। शम्सी ने इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने मेयर्स को 35 रन पर आउट किया। शम्सी ने वेस्टइंडीज के टॉप स्कोरर रोस्टन चेज और मेयर्स के अलावा शेरफेन रदरफोर्ड को भी आउट किया।
मैच के हीरोज
मार्को यानसन: 14 बॉल पर नाबाद 21 रन बनाए और एक विकेट लिया। यानसन ने साउथ अफ्रीका को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने वेस्टइंडीज के ओपनर शाई होप को गोल्डन डक (पहली ही गेंद पर आउट) कर दिया और टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई।
ट्रिस्टन स्टब्स: साउथ अफ्रीका के टॉप स्कोरर रहे। शुरुआती झटकों के बाद टीम को संभाला और जीत के करीब तक ले गए। 42 रन पर 3 विकेट गिर जाने के बाद चौथे नंबर पर बैटिंग करने आए, टीम के स्कोर को 100 रन तक ले गए और छठे विकेट के रूप में आउट हुए।
टर्निंग पॉइंट
- काइल मेयर्स का विकेट: पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही थी। शाई होप (0) और निकोलस पूरन (1) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद काइल मेयर्स ने रोस्टन चेज के साथ 81 रन की साझेदारी निभाई। तबरेज शम्सी ने इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने मेयर्स को आउट किया। मेयर्स ने 35 रन बनाए।
- आंद्रे रसेल का रन आउट: हार्ड हीटर आंद्रे रसेल को एनरिक नॉर्त्या ने शॉर्ट थर्ड से डायरेक्ट हिट से रन आउट कर दिया। रसेल ने 9 बॉल पर 15 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने दो सिक्स लगाए।
वेस्टइंडीज की हार के कारण
- खराब बैटिंग: वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी खराब रही। साउथ अफ्रीका की शानदार गेंदबाजी के सामने टीम के बैटर्स संघर्ष करते दिखे। रोस्टन चेज और काइल मेयर्स के अलावा टीम का कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर नहीं टिक सका। 55 रन बनाने वाले चेज टॉप स्कोरर रहे। मेयर्स 35 और आंद्रे रसेल 15 रन बना सके। बाकी बैटर्स फेल रहे।
- स्कोर छोटा: मेजबान टीम पहले खेलते हुए 20 ओवर में 135 रन ही बना सकी। यहां स्कोर छोटा रह गया, जो हार का कारण बना।
मैच का हाल
वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 135 रन बनाए। वेस्टइंडीज की ओर से रोस्टन चेज ने अर्धशतक लगाया। उन्होंने 42 बॉल पर 52 रन की पारी खेली। चेज की टी-20 इंटरनेशनल में यह दूसरी फिफ्टी रही।वेस्टइंडीज की ओर से केवल एक बड़ी साझेदारी हुई। मेयर्स और चेज ने तीसरे विकेट के लिए 81 रन जोड़े। काइल मेयर्स 35, आंद्रे रसेल 15 और अल्जारी जोसेफ ने नाबाद 11 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की तरफ से तबरेज शम्सी ने 3 विकेट झटके। ऐडन मार्करम, मार्को यानसन, केशव महाराज और कगिसो रबाडा को 1-1 विकेट मिला।टारगेट का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका के लिए ट्रिस्टन स्टब्स ने 29 रन और हेनरिक क्लासन ने 22 रन की पारी खेली। इसके अलावा मार्को यानसन ने 14 गेंद में 21 रन की नाबाद पारी खेली और टीम को जीत दिला दी। वेस्टइंडीज की ओर से रोस्टन चेज ने 3 विकेट झटके। वहीं, आंद्रे रसेल और अल्जारी जोसेफ ने 2-2 विकेट लिए।


