चेन्नई। आईपीएल 2024 के 22वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को सात विकेट से हरा दिया। लगातार दो मैच हारने के बाद चेन्नई को यह जीत मिली है। इस सीजन चेन्नई ने अब तक पांच मैचों में से तीन जीते हैं और दो में उन्हें हार मिली है। अंक तालिका में सीएसके की टीम चौथे स्थान और कोलकाता की टीम दूसरे स्थान पर है।
चेन्नई ने तीनों मैच अपने घरेलू मैदान पर जीते हैं, जबकि जो मैच यह टीम हारी है वह चेन्नई से बाहर हारी है। यह सीजन शुरू होने से पहले महेंद्र सिंह धोनी ने ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तानी सौंपी थी और अब तक बतौर कप्तान ऋतुराज का प्रदर्शन ठीक ठाक रहा है। हालांकि, सोमवार को कप्तान बनने के बाद वह पहली बार भावुक दिखे। उन्होंने धोनी को लेकर बयान दिया।
दरअसल, पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 137 रन बनाए। जवाब में चेन्नई ने 17.4 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 58 गेंद में नौ चौके की मदद से 67 रन की नाबाद पारी खेली। यह आईपीएल में उनका 15वां अर्धशतक रहा। मैच के बाद प्रेजेंटेशन शो में ऋतुराज ने कहा- मेरे लिए यह थोड़ा भावुक कर देने और यादगार क्षण है। आईपीएल में मुझे मेरा पहला अर्धशतक याद है। तब भी माही भाई मेरे साथ बैटिंग कर रहे थे और हमने इसी स्थिति में मैच समाप्त किया था। अब बतौर कप्तान मेरे पहले अर्धशतक में भी धोनी साथ थे। अजिंक्य रहाणे के चोटिल होने के कारण, मुझे लगा कि ऐसे विकेट पर अंत तक टिके रहना मेरी जिम्मेदारी है, जो थोड़ा मुश्किल था।


