भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला रांची में खेला जा रहा है। टीम इंडिया ने तीसरे दिन रविवार को स्टंप्स तक बगैर किसी नुकसान के 40 रन बना लिए हैं। टीम मैच और सीरीज जीतने से 152 रन दूर है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल नॉटआउट हैं।
इंग्लैंड की टीम तीसरे दिन के तीसरे सेशन में दूसरी पारी में 145 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड की पहली पारी के 46 रन की लीड के आधार पर भारत को 192 रन का टारगेट मिला। इससे पहले, इंग्लैंड टीम पहली पारी में 353 और भारतीय टीम 307 रन पर ऑलआउट हुई।
तीसरा सेशन भी भारत के नाम रहा
रांची टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। दिन का तीसरा सेशन भी भारत के नाम रहा। इस सेशन में इंग्लैंड ने 5 विकेट गंवाए और ऑलआउट हो गया। टीम इंडिया ने अपनी दूसरी पारी शुरू की और स्टंप्स तक बिना किसी नुकसान के 40 रन बना लिए।रोहित के टेस्ट क्रिकेट में 4000 रन पूरे
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट में 4000 रन पूरे हो गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 58वें मैच में हासिल की।इंग्लैंड दूसरी पारी में 145 रन पर ऑलआउट
चौथे मैच के तीसरे दिन रविवार के तीसरे सेशन में इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में 145 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड को पहली पारी के आधार पर 46 रन की बढ़त मिलीं थी। ऐसे में भारत को जीत के लिए 192 रन का टारगेट मिला है। इससे पहले, इंग्लैंड टीम पहली पारी में 353 और भारतीय टीम 307 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में जैक क्रॉले ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए। शोएब बशीर इस इनिंग में नॉटआउट रहे। भारत की तरफ से आर अश्विन ने 5 विकेट लिए। कुलदीप यादव को चार सफलताएं मिलीं। एक विकेट रवींद्र जडेजा को मिला।
जुरेल का अर्धशतक, भारत 307 रन पर सिमटा
ध्रुव जुरेल के जुझारू अर्धशतक की मदद से भारत ने चौथे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन रविवार को यहां वापसी का प्रयास करते हुए पहली पारी में 307 रन बनाए और इंग्लैंड की बढ़त को 46 रन तक सीमित किया।राजकोट में पदार्पण करते हुए 46 रन बनाने वाले जुरेल ने दबाव का अच्छी तरह से सामना करते हुए करियर की सर्वश्रेष्ठ 90 रन की पारी खेली और अपना पहला अर्धशतक जड़ा। जुरेल ने कुलदीप यादव (28) के साथ आठवें विकेट के लिए 76 और पदार्पण कर रहे आकाश दीप (09) के साथ नौवें विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी की।
जुरेल ने 96 गेंद में अर्धशतक पूरा करने के बाद शोएब बशीर (119 रन पर पांच विकेट) और टॉम हार्टले (68 रन पर तीन विकेट) की इंग्लैंड की स्पिन जोड़ी के खिलाफ कुछ बड़े शॉट खेले। जुरेल ने हार्टले की गेंद पर एक रन के साथ अर्धशतक पूरा किया।
उन्हें 59 रन के स्कोर पर ओली रॉबिन्सन ने जीवनदान दिया जिसके बाद उन्होंने बशीर की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा। बाएं हाथ के स्पिनर हार्टले ने हालांकि उन्हें बोल्ड करके शतक से वंचित किया। वह आउट होने वाले अंतिम बल्लेबाज रहे।
इससे पहले बशीर ने आकाश को पगबाधा करके अपने दूसरे टेस्ट में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पहली बार पांच विकेट चटकाए। भारत ने दिन की शुरुआत सात विकेट पर 219 रन से की। जुरेल और कुलदीप ने इंग्लैंड के गेंदबाजों का डटकर सामना किया।
असमान उछाल वाली पिच पर कुलदीप ने प्रतिबद्धता के साथ बल्लेबाजी करते हुए 131 गेंद का सामना किया। उन्होंने स्ट्राइक को अच्छी तरह रोटेट भी किया। जेम्स एंडरसन (48 रन पर दो विकेट) ने नीची रहती गेंद पर कुलदीप को बोल्ड करके उनकी पारी का अंत किया।


