बेंगलुरु।डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस ने विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के सीजन-2 के ओपनिंग मैच में दिल्ली कैपिटल्स को 4 विकेट से मात दे दी है। इस रोमांचक मुकाबले में टीम को जीत के लिए आखिरी बॉल पर 5 रनों की जरूरत थी। ऐसे में सजीवन सजना ने छक्का जमाते हुए अपनी टीम को जीत दिला दी।
बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मुंबई ने 172 रन का टारगेट 20 ओवर में 6 विकेट पर हासिल कर लिया। इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 171 रन का स्कोर खड़ा किया था।
मुंबई की ओर से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 34 बॉल पर 55 और ओपनर यास्तिका भाटिया ने 45 बॉल पर 57 रन बनाए। इससे पहले, नेटली सीवर ब्रंट और अमिलिया केर ने 2-2 विकेट लिए। कप्तान हरमनप्रीत कौर प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं।
मुंबई के टॉप-मिडिल ऑर्डर में 3 साझेदारियां
172 रन का टारगेट चेज करने उतरी मुंबई के टॉप मिडिल ऑर्डर में 3 बड़ी साझेदारियां हुई। इन साझेदारियों की बदौलत मुंबई जीत हासिल कर सकी। शून्य पर मैथ्यूज का विकेट गंवाने के बाद यास्तिका भाटिया ने नेटली सीवर ब्रंट के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 बॉल पर 50, तीसरे विकेट के लिए कप्तान कौर के साथ 45 बॉल पर 56 रन की साझेदारी की।
फिर चौथे विकेट के लिए हरमनप्रीत और अमिलिया केर के बीच 28 बॉल पर 44 रन की अहम साझेदारी हुई।
कैप्सी की फिफ्टी के बावजूद हारी दिल्ली
टीम की टॉप ऑर्डर बैटर एलिस कैप्सी ने अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 53 बॉल में 75 रन की पारी खेली। इसमें 3 छक्के और 8 चौके शामिल रहे। कैप्सी के अलावा, जेमिमा रोड्रिग्ज ने 42 रन बनाए। कप्तान मेग लैनिंग ने 31 रन का योगदान दिया।
बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुति
शाहरुख खान, कार्तिक आयरन, टाइगर श्रॉफ आदि कलाकारों ने उद्घाटन के पहले शानदार प्रस्तुतियां दी। शाहरुख खान ने पठान फिल्म के गाने पर दर्शकों को डांस करने के लिए वाध्य किया।


