शाहआलम स्टेडियम /मलेशिया। भारतीय विमेंस टीम ने बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप (BATC) के क्वार्टर फाइनल में शुक्रवार को हांगकांग को 3-0 से हरा दिया। भारतीय विमेंस टीम चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहली बार पहुंची है। इसी के साथ महिला टीम ने पहली बार टूर्नामेंट में मेडल पक्का कर लिया।
अब भारत का मुकाबला जापान से होगा। टॉप सीड चीन को हराकर ग्रुप स्टेज में टॉप पर रहने के बाद भारत ने पीवी सिंधु, अस्मिता चालिहा और अश्विनी पोनप्पा तथा तनीषा क्रास्टो की डबल्स जोड़ी की जीत के दम पर हॉन्गकॉन्ग को हराया।
सिंधु ने हैप्पी को 2-1 से हराया
स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने चोट के कारण चार महीने बाद शानदार वापसी की है। सिंधु ने लो सिन यान हैप्पी के खिलाफ मजबूत शुरुआत की। उन्होंने हैप्पी के खिलाफ 21-7, 16-21, 21-12 से जीत दर्ज करके भारत को बढ़त दिला दी।

क्रैस्टो-पोनप्पा की जोड़ी 2-0 से जीती
तनिषा क्रैस्टो और अश्विनी पोनप्पा की विमेंस डबल्स जोड़ी क्वार्टर फाइनल के दूसरे मैच में युंग नगा टिंग और युंग पुई लैम की जोड़ी को हराया। वर्ल्ड की 21वीं रैंक की क्रैस्टो और पोनप्पा की जोड़ी ने 18वीं रैंक की जोड़ी को 21-10, 21-14 से हराकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के काफी करीब पहुंचा दिया।इसके बाद अस्मिता चालिहा ने येओंग सुम यी पर 21-12, 21-13 से जीत के साथ क्वार्टर फाइनल मैच खत्म किया। भारतीय मेंस टीम आज अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जापान से भिड़ेगी।


