मेलबर्न|ऑस्ट्रेलिया ओपन को नया चैंपियन मिल गया है। इटली के खिलाड़ी जैनिक सिनर ने मेंस सिंगल्स के फाइनल में रूस के डेनियल मेदवेदेव को हराकर पहली बार ग्रैंड स्लैम खिताब जीता।22 साल के सिनर ने पांच सेट के थ्रिलर में मेदवदेव को 3-6,3-6,6-4, 6-4, 6-3 से हराया। 3 घंटे 44 मिनट चले मुकाबले में सिनर को पहले 2 सेट में हार मिली, जिसके बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन सेट जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। सिनर ऑस्ट्रेलिया ओपन जीतने वाले पहले इटैलियन प्लेयर बने है।
वे 10 बार के ऑस्ट्रेलिया ओपन विनर नोवाक जोकोविच को हराकर फाइनल में पहुंचे थे।
सिनर पहली बार ग्रैंड स्लैम का फाइनल खेले और जीते
सिनर ने पहली बार ग्रैंड स्लैम का फाइनल खेला। इससे पहले सिनर ने 2020 में फ्रैंच ओपन के क्वार्टरफाइनल, 2023 विम्बलडन के सेमीफाइनल और 2022 में US ओपन के क्वार्टर फाइनल तक ही पहुंच पाए थे।

सिनर 2008 के बाद टूर्नामेंट जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी
22 साल और 165 दिन की उम्र में, सिनर 2008 के बाद से ऑस्ट्रेलियन ओपन मेंस सिंगल्स खिताब जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। साल 2008 में जोकोविच ने 20 साल और 250 दिन की उम्र में खिताब जीता था।
ग्रैंड स्लैम जीतने वाले तीसरे इटैलियन जैनिक सिनर स्ट्रेलिया ओपन जीतने वाले पहले इटैलियन प्लेयर के साथ ही ग्रैंड स्लैम जीतने वाली तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले 1959 और 1960 में निकोला पिएट्रांगेली ने रोलांड गैरोस खिताब (फ्रैंच ओपन) जीता था। वहीं, साल 1976 में एड्रियानो पनाटा ने भी रोलांड गैरोस कप पर कब्जा जमाया था।
तीसरी बार ऑस्ट्रेलिया ओपन के फाइनल में हारे मेदवेदेव
डेनियल मेदवेदेव अपने करियर में तीसरी बार ऑस्ट्रेलिया ओपन के फाइनल में हारे। वे अब तक खिताब नहीं जीत सके। साल 2021 में मेदवेदेव पहली बार फाइनल खेले थे, जहां उन्हें नोवाक जोकोविच ने 7-5, 6-2, 6-2 से हराया था।
ऑस्ट्रेलिया ओपन 2022 के फाइनल में उन्हें रफेल नडाल ने 5 सेट के थ्रीलर में 2–6, 6–7(5–7), 6–4, 6–4, 7–5 से हराया था। 2024 में उन्हें सिनर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

सिंगल्स विजेता को मिलेंगे 17.5 करोड़ रुपए
इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन की कुल प्राइज मनी 481.2 करोड़ रुपए है। पिछले साल के मुकाबले इस साल प्राइज मनी में 13 फीसदी का इजाफा हुआ। मेंस और विमेंस सिंगल्स के विनर को करीब 17.50 करोड़ रुपए मिलेंगे। वहीं, रनर अप 9.5 करोड़ रुपए लेकर जाएंगे।


