मेलबर्न टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने मैच के चौथे दिन ही पाकिस्तान को 79 रन से हरा दिया। शुक्रवार को पाकिस्तान दूसरी पारी में 237 रन पर ऑल आउट हो गया। पाक कप्तान शान मसूद और आगा सलमान ने अर्धशतक लगाया लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
वहीं ऑस्ट्रेलिया के लिए पहली इनिंग में पांच विकेट लेने वाले टीम के कप्तान पैट कमिंस दूसरी पारी में भी पांच विकेट लिए। कमिंस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अब ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त के साथ सीरीज अपने नाम कर ली है। पहले टेस्ट में कंगारू टीम 360 रन से जीत दर्ज की थी। तीसरा और आखिरी टेस्ट 3 जनवरी 2024 से सिडनी में खेला जाएगा।
कमिंस के टेस्ट में 250 विकेट पूरे
कमिंस ने मेलबर्न पर खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन पाकिस्तानी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को आउट करते ही अपने 250 टेस्ट विकेट पूरे कर लिए। कमिंस ने ये कारनामा 57 टेस्ट मैचों में किया है। इसके साथ ही कमिंस ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट में 250 से ज्यादा विकेट लेने वाले 10वें गेंदबाज बन गए।
317 रन के टारगेट के जवाब में पाकिस्तान 237 रन पर ऑल आउट
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने पहली इनिंग में 318 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान टीम 264 रन पर ऑल आउट हो गई। इस आधार पर पहली इनिंग में ऑस्ट्रेलिया को 54 रन की बढ़त मिली। ऑस्ट्रेलिया दूसरी पारी में 262 रन बना सका और पाकिस्तान को 317 रन का टारगेट दिया। इसके जवाब में पाकिस्तान 237 रन पर ऑल आउट हो गया।
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी
ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को अपनी दूसरी पारी में छह विकेट पर 187 रन से आगे खेलना शुरू किया। टीम 262 रन पर ऑल आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से दूसरी पारी में सबसे ज्यादा 95 रन मिचेल मार्श ने बनाए। उनके अलाव एलेक्स कैरी ने 52 और स्टीव स्मिथ ने 50 रन की पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से मीर हमजा और शाहीन अफरीदी ने चार-चार विकेट लिए, जबकि आमिर जमाल को दो विकेट मिले।
पाकिस्तान की दूसरी इनिंग
टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत खराब रही थी। टीम के लिए अब्दुल्ला शफीक चार रन और इमाम उल हक 12 रन बनाकर आउट हुए थे। टीम के लिए कप्तान शान मसूद ने सबसे ज्यादा 60 रन और आगा सलमान ने 50 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान पैट कमिंस पांच विकेट लिए। वहीं, मिचेल स्टार्क को चार विकेट मिले। जोश हेजलवुड को एक विकेट मिला।
कमिंस को जॉनी मुलाग मेडल से सम्मानित किया गया
इस मैच में कमिंस को जॉनी मुलाग मेडल से सम्मानित किया गया। बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच के बेस्ट खिलाड़ी (मैन ऑफ द मैच) को जॉनी मुलाग मेडल से सम्मानित किया जाता है। जॉनी मुलाग 1868 की ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कप्तान थे, जिनके नाम पर इस मेडल का नाम रखा गया। मुलाग विदेशी दौरे पर जाने वाली पहली ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान थे।



