बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट की सीरीज का पहला मुकाबला सिलहट में खेला जा रहा है। मंगलवार को पहले दिन बांग्लादेश ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया और स्टंप्स तक 9 विकेट के नुकसान पर 310 रन बनाए। महमूदुल हसन ने अर्धशतक लगाया और न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स को 4 सफलताएं मिली।
पहले सेशन में गंवा दिए थे 2 विकेट
पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 39 रन के टीम स्कोर पर ओपनर जाकिर हसन का विकेट गंवाया। उन्हें अयाज पटेल ने बोल्ड कर दिया।
महमूदुल हसन जॉय ने नजमुल हसन शान्तो के साथ पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन 100 का आंकड़ा पार होते ही नजमुल हसन 37 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें ग्लेन फिलिप्स ने केन विलियमसन के हाथों कैच कराया। लंच तक बांग्लादेश का स्कोर 104/2 रहा।
महमूदुल हसन की मोमिनुल के साथ अर्धशतकीय साझेदारी
102 रन पर दूसरा विकेट गंवाने के बाद महमूदुल हसन ने बांग्लादेशी पारी को आगे बढ़ाया। उन्होंने दूसरे सेशन में अपना अर्धशतक पूरा किया। फिर मोमिनुल के अर्धशतकीय साझेदारी की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 88 रन जोड़े। हसन ने टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक जमाया।
फिलिप्स को 4 सफलताएं
न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने 4 विकेट चटकाए। काइल जेमिसन और अजाज पटेल को 2-2 विकेट मिले। वहीं, ईश सोढ़ी को एक सफलता मिली।


