टीम इंडिया के स्टार बैटर विराट कोहली ICC वनडे रैंकिंग में चौथे से तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। बुधवार को जारी हुई ताजा वनडे बैटिंग रैंकिंग के टॉप-4 में भारत के तीन बल्लेबाज शामिल हैं। शुभमन गिल पहले नंबर पर बरकरार हैं। विराट और रोहित को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है। विराट चौथे से तीसरे पर, जबकि रोहित पांचवें से तीसरे नंबर पर आ गए हैं। वहीं, पाकिस्तान के बाबर आजम दूसरे नंबर पर बरकरार हैं। वर्ल्ड कप 2023 में कोहली ने कुल 765 रन बनाए, जिसमें 3 शतक शामिल हैं।
बॉलिंग रैंकिंग में साउथ अफ्रीका के केशव महाराज टॉप पर बने हुए हैं, जबकि भारत के मोहम्मद सिराज को एक स्थान का नुकसान हुआ है। वे दूसरे से तीसरे नंबर पर आ गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड तीसरे से दूसरे नंबर पर आ गए हैं।
बल्लेबाजी में डेरिल मिचेल को फायदा
बल्लेबाजों में भारत के शुभमन गिल पहले नंबर पर कायम हैं। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को एक स्थान का फायदा हुआ है। वे 7वें से छठे नंबर पर आ गए हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को एक स्थान का नुकसान हुआ है।
बॉलिंग रैंकिंग में टॉप 10 में 4 भारतीय
बॉलिंग रैंकिंग में भारत के मोहम्मद शमी टॉप-10 में आ गए हैं, वे दसवें नंबर पर हैं। रैंकिंग में टॉप-10 में चार भारतीय हैं, जिसमें शमी और सिराज के साथ चौथे नंबर पर जसप्रीत बुमराह और छठे नंबर पर कुलदीप यादव हैं। कुलदीप पांचवें से छठे नंबर पर फिसले हैं, जिनके रेटिंग पॉइंट्स (667) अफगानिस्तान के राशिद खान के बराबर हैं। वहीं, पाकिस्तान के पेसर शाहीन अफरीदी 10वें से 9वें नंबर पर आ गए हैं।
ऑलराउंडर में शाकिब टॉप पर, जडेजा को एक स्थान का नुकसान
ऑलराउंडर रैंकिंग में बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन टॉप पर हैं। मोहम्मद नबी का दूसरा स्थान है और सिकंदर रजा तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। यहां भी राशिद खान हैं और उनका चौथा स्थान है। टॉप-10 में जडेजा इकलौते भारतीय हैं, उन्हें एक पायदान का नुकसान हुआ और वे अब 9वें से 10वें नंबर पर आ गए हैं।












