अहमदाबाद/वनडे वर्ल्ड कप 2023 की क्लोजिंग सेरेमनी फाइनल मुकाबले के दिन रविवार को ही होगी। सेरेमनी के प्रोग्राम चार स्टेज में होंगे। जो प्री-मैच, पहले इनिंग के ड्रिंक्स ब्रेक में, इनिंग ब्रेक और दूसरे इनिंग के ड्रिंक्स ब्रेक में होंगे। इसमें बॉलीवुड कंपोजर-सिंगर प्रीतम, अमित मिश्रा समेत कई कलाकार परफॉर्म करेंगे।
वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल मैच 19 नवंबर को मेजबान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। वर्ल्ड कप फाइनल के दिन होने वाले सभी प्रोग्राम्स को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपने ऑफिशियल एक्स (ट्विटर) अकाउंट से पोस्ट शेयर की है।
1. एयरफोर्स का एयर शो
मैच शुरू होने से पहले 15 मिनट का एयर शो होगा। यह शो भारतीय वायु सेना (IAF) की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम द्वारा किया जा रहा है। सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम अहमदाबाद के हवाई अड्डे से उड़ान भरेगी और नरेंद्र मोदी स्टेडियम के ऊपर वर्टिकल एयर शो करेगी।
2. आदित्य गाधवी भी परफॉर्म करेंगे
मैच की पहली इनिंग के ड्रिंक्स ब्रेक में आदित्य गाधवी परफॉर्म करेंगे। आदित्य का एक गाना (खलासी) हाल में काफी मशहूर हुआ है। इसे इंस्टाग्राम रील्स में भी काफी इस्तेमाल किया जा रहा है।
3. म्यूजिक परफॉर्मेंस
मैच में इनिंग ब्रेक के दौरान म्यूजिक डायरेक्टर प्रीतम चक्रवर्ती म्यूजिक शो में अपने टीम को लीड करेंगे। इस दौरान जोनिता गांधी, नकाश अजीज, अमित मिश्रा, अकासा सिंह और तुषार जोशी परफॉर्म करेंगे।
4. लेजर और लाइट शो
दूसरी इनिंग के ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान लेजर और लाइट शो होगा। इस पूरे वर्ल्ड कप में दूसरी पारी में ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान लेजर शो का आयोजन किया जाता रहा है, फाइनल में भी यही होगा।
अमिताभ, रजनीकांत जैसे सेलिब्रिटी भी मौजूद रहेंगे
अमिताभ बच्चन, रजनीकांत, कमल हसन, मोहनलाल, वेंकटेश, नागार्जुन और राम चरण तेजा रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मैच देखने पहुंचेंगे।
टूर्नामेंट शुरू होने से पहले अहमदाबाद में हुआ था ‘कैप्टंस डे’ इवेंट
वर्ल्ड कप 2023 के शुरू होने से ठीक एक दिन पहले यानी 4 अक्टूबर को दोपहर में ‘कैप्टंस डे’ इवेंट हुआ था। इसमें सभी 10 टीमों के कप्तान अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहुंचे थे। इस इवेंट में रवि शास्त्री और इयॉन मोर्गन ने सभी कप्तानों से उनकी वर्ल्ड कप तैयारियों को लेकर बातचीत की थी।


