पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने वनडे वर्ल्ड कप में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद कप्तानी छोड़ दी है। उन्होंने गुरुवार 15 नवंबर शाम करीब 7 बजे तीनों फॉर्मेट से टीम की कप्तानी छोड़ने का ऐलान सोशल मीडिया पर किया। बाबर ने लिखा- वे बतौर खिलाड़ी तीनों फॉर्मेट में टीम का हिस्सा रहेंगे।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम वनडे वर्ल्ड कप 2023 के 9 में से 4 ही मैच जीत सकी थी। टीम पॉइंट्स टेबल में 5वें नंबर पर रहकर सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंच पाई।
शाहीन टी-20, शान मसूद नए टेस्ट कप्तान
बाबर की जगह तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को नया टी-20 कप्तान बनाया गया। टेस्ट में बैटर शान मसूद कप्तानी करेंगे, वहीं वनडे में अभी तक नए कप्तान की घोषणा नहीं हुई है।
मुश्किल फैसला, लेकिन कप्तानी छोड़ने का यही सही समय
बाबर ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में कहा- मैं आज तीनों फॉर्मेट से पाकिस्तान की कप्तानी छोड़ रहा हूं। ये बहुत मुश्किल फैसला है, लेकिन मुझे लगता है कि इस फैसले के लिए ये सही समय है।
नए कप्तान और टीम का सम्मान करता रहूंगा
मैं तीनों फॉर्मेट में बतौर प्लेयर पाकिस्तान के लिए खेलता रहूंगा। मैं नए कप्तान और टीम का सम्मान करता रहूंगा। जरूरत पड़ने पर अपना अनुभव भी टीम के साथ शेयर करूंगा। कप्तान बनाकर मुझ पर भरोसा दिखाने के लिए मैं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को धन्यवाद देता हूं।


