भारत ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को 70 रन से हराकर वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय टीम चौथी बार फाइनल में पहुंची है। इससे पहले टीम 1983, 2003 और 2011 में इस टूर्नामेंट फाइनल में पहुंची थी।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 4 विकेट 397 रन बनाए। विराट कोहली ने करियर की 50वीं वनडे सेंचुरी जमाते हुए 117 रन की पारी खेली। श्रेयस अय्यर ने 105 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 48.5 ओवर में 327 रन पर ऑलआउट हो गई। डेरिल मिचेल ने 134 रन बनाए। मोहम्मद शमी ने 7 विकेट लिए। वे शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच रहे।
(भारत की पारी पहले जारी की जा चुकी है)
कीवी पारी के रोचक फैक्ट और रिकॉर्ड
- मोहम्मद शमी न्यूजीलैंड के खिलाफ 7 विकेट ले चुके हैं, इसी के साथ उन्होंने वर्ल्ड कप में 8वीं बार पारी में 4 या उससे ज्यादा विकेट लिए। इस रिकॉर्ड में शमी ही टॉप पर हैं, दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क हैं, जिनके नाम वर्ल्ड कप में 6 बार 4+ विकेट लेने का रिकॉर्ड है।
- मोहम्मद शमी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा विकेट लेने के साथ ही वर्ल्ड कप में अपने 50 विकेट भी पूरे कर लिए। इसके लिए उन्होंने महज 17 पारियां लीं, जो टूर्नामेंट इतिहास में सबसे तेज है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 19 पारियों में 50 विकेट लिए थे।
- डेरिल मिचेल एक वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड की ओर से सबसे ज्यादा छक्के जमाने वाले बैटर बने। उन्होंने मौजूदा सीजन में 18वां छक्का जमाया। मिचेल ने ब्रैंडन मैकुलम के 2015 के सीजन में 17 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ा।
- डेरिल मिचेल में इस वर्ल्ड कप का सबसे लंबा 107 मीटर का छक्का जमाया। उन्होंने श्रेयस अय्यर के 106 मीटर के छक्के को पीछे छोड़ा।
पावरप्ले में न्यूजीलैंड 46/2, शमी ने ओपनर्स को पवेलियन भेजा
398 रन का टारगेट चेज कर रहे न्यूजीलैंड की शुरुआत खास नहीं रही। टीम ने पावरप्ले में 46 रन बनाने में ओपनर्स के विकेट गंवा दिए। रचिन रवींद्र और डेवोन कॉन्वे ने 13-13 रन बनाकर आउट हुए।
पावरप्ले के शुरुआती ओवर में कीवी ओपनर्स ने संभलकर शॉट खेले। 5 ओवर में टीम का स्कोर बिना नुकसान के 30 रन था। यहां मोहम्मद शमी ने अपनी पहली बॉल पर सफलता हासिल की और कॉन्वे को चलता किया। इतना ही नहीं, शमी ने 8वें ओवर की चौथी बॉल पर रचिन रविद्र को विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच कराया।


