लखनऊ/भारत ने वर्ल्ड कप 2023 के 29वें मुकाबले में इंग्लैंड को 230 रन का टारगेट दिया है। टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 229 रन पर बनाए। यह भारतीय टीम का वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में सबसे छोटा स्कोर है। इससे पहले टीम ने 1999 में बर्मिंघम के मैदान पर 8 विकेट पर 232 रन बनाए थे।
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड ने टॉस जीतकर फील्डिंग करने का फैसला लिया। भारतीय टीम से कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 87 रन बनाए। केएल राहुल ने 39 रन की पारी खेली। उनसे पहले, शुभमन गिल 9, विराट कोहली 0 और श्रेयस अय्यर 4 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लिश टीम से डेविड विली ने तीन विकेट लिए। आदिल रशीद और मार्क वुड ने 2-2 विकेट लिए।
रोहित शर्मा के 18 हजार रन पूरे
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के इंटरनेशनल क्रिकेट में 18 हजार रन पूरे हो गए हैं। रोहित ने 457वीं पारी में यह अचीवमेंट हासिल की है। वे भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 खिलाड़ियों में शामिल हो गए। इस क्लब में सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, राहुल द्राविड़ और सौरव गांगुली के नाम हैं।
रोहित-राहुल ने संभाली भारतीय पारी, अय्यर खराब शॉट पर आउट; रोहित DRS से बचे
पावरप्ले में 2 विकेट गंवाने के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने संभलकर बल्लेबाजी की। टीम ने बीच के 20 ओवर में 96 रन बनाए और श्रेयस अय्यर का विकेट भी गंवाया। आगे 3 पॉइंट्स में मिडिल ओवर में भारतीय बल्लेबाजी…
- वोक्स के जाल में फंसे अय्यर, 4 रन बनाकर आउट : 12वें ओवर की 5वीं बॉल पर श्रेयस अय्यर 4 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें क्रिस वोक्स ने शार्ट पिच बॉल डाली, जिस पर अय्यर के बल्ले का टॉप एज लगा और मार्क वुड ने कैच पकड़ा। इस बॉल से पहले गेंदबाज ने कप्तान से कह कर फील्ड चेंज करवाई थी। यानी कि वोक्स ने पहले ही शार्ट पिच बॉल डालने का मन बना लिया था। यह देखने के बाद भी अय्यर ने इस बॉल पर पुल शॉट खेला।
- DRS से बचे रोहित शर्मा, थर्ड अंपायर ने फैसला पलटा : भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 16वें ओवर में आउट होते-होते बचे। उन्हें फील्ड अंपायर ने मार्क वुड की बॉल पर LBW दे दिया। ऐसे में रोहित ने DRS की मांग की। बाद में वीडियो देखने के बाद थर्ड अंपायर ने फील्ड अंपायर का फैसला पलट दिया।
- रोहित की फिफ्टी : भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 24वें ओवर में फिफ्टी पूरी की। उन्होंने केएल राहुल के साथ 111 बॉल पर 91 रन की पार्टनरशिप की। इस पार्टनरशिप ने भारत की बिखरी पारी को संभाला।
- पावरप्ले में खराब रही भारत की शुरुआत, गिल-कोहली सस्ते लौटे
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। टीम ने पहले 10 ओवर में 35 रन बनाने में शुभमन गिल और विराट कोहली के विकेट गंवा दिए। गिल 9 और कोहली जीरो पर आउट हुए। 27 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद इंग्लैंड के गेंदबाजों ने टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा। - केएल राहुल ने 25 सौ रन पूरे कर लिए हैं। वे सबसे कम पारियों में 2500 रन बनाने वाले भारतीय बैटर्स की सूची में शिखर धवन (60 पारी) के बाद दूसरे नंबर पर रहे।
- रोहित शर्मा मौजूदा वर्ल्ड कप में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने विराट कोहली (354 रन) को पीछे छोड़ा।
- रोहित शर्मा ने इस साल एक हजार रन पूरे कर लिए हैं। रोहित बतौर कप्तान एक साल में 1000+ रन बनाने वाले छठे कप्तान बने। कोहली तीन बार (2017, 2018, 2019) ऐसा कर चुके हैं। धोनी (2008, 2009) और सौरव गांगुली (2000, 2002) ने दो बार ऐसा किया है। सचिन तेंदुलकर (1997) और अजहरुद्दीन (1998) एक-एक बाद यह कारनामा कर चुके हैं।
- कोहली 32 मैच के वर्ल्ड कप करियर में पहली बार जीरो पर आउट हुए हैं। वह टी-20 वर्ल्ड कप में भी कभी जीरो पर आउट नहीं हुए थे।
- गिल 9 रन बनाकर आउट हुए। इस वर्ल्ड कप के 4 मैचों में पहली बार ऐसा हुआ, जब गिल डबल डिजिट स्कोर तक नहीं पहुंच सके।
- रोहित वर्ल्ड कप 2023 में सबसे ज्यादा छक्के जमाने वाले बैटर बन गए हैं। उन्होंने डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ा। रोहित के नाम 20 छक्के हो गए, जबकि वॉर्नर के 19 सिक्स हैं। रोहित ने अपनी पारी में 3 छक्के लगाए।
- भारत की कप्तानी करते हुए रोहित ने 100वां इंटरनेशनल मैच खेला। उन्होंने अपनी कप्तान में खेले 99 में से 73 मैच जीते हैं, जबकि 23 में हार मिली। रोहित 100 या इससे ज्यादा मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी करने वाले भारत के 7वें कप्तान बने हैं। एमएस धोनी ने सबसे ज्यादा 332 मैचों में कप्तानी की है।
