क्रिकेट विश्वकप 2023 में भारत का अगला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड से है। 29 अक्टूबर को खेले जाने वाले इस मैच के लिए टीम इंडिया बुधवार को लखनऊ पहुंची। गुरुवार देर शाम पहले दिन शुरू के 3 घंटे में खिलाड़ियों ने फिटनेस को लेकर प्रैक्टिस की। सभी खिलाड़ियों ने ग्राउंड के चक्कर लगाए किसी ने एक तो किसी ने दो। सबसे ज्यादा शार्दुल ठाकुर ने ग्राउंड के तीन चक्कर लगाए।
कुलदीप यादव और जसप्रती बुमराह थोड़ा बहुत बॉलिंग अभ्यास किया। राहुल द्रविड़ ने टीम के करीब चार से ज्यादा खिलाड़ियों को बाउंड्री लाइन पर कैच प्रैक्टिस करवाया। इसके अलावा शुभमन गिल, शार्दुल ठाकुर, केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, रोहित शर्मा, मोहम्मद सिराज, विराट कोहली, रविचंद्रन अश्विन जैसे खिलाड़ियों ने फुटबॉल खेल कर पैरों के लिए फिटनेस बढ़ाया।
एक्सपर्ट की माने तो इंग्लैंड से पहले इकाना में प्रैक्टिस करना भारतीय टीम के लिए फायदेमंद साबित होगा। क्योंकि उन्हें स्टेडियम में अभ्यास का ज्यादा समय मिलेगा।
फिलहाल, रोहित की कप्तानी वाली टीम इंडिया विश्वकप की पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। वहीं, इंग्लैंड 8वें स्थान पर है। अगर लखनऊ में भारत जीतता है तो सेमीफाइनल में उसकी जगह लगभग पक्की हो जाएगी। उधर, इंग्लैंड को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने सभी मैच जीतने होंगे। ऐसे में इकाना स्टेडियम में होने वाला यह मैच दोनों टीमों के लिए अहम माना जा रहा है।
भारतीय टीम विश्व कप 2023 में अभी तक एक भी मैच नहीं हारी है। दूसरी तरफ इंग्लैंड 4 में से 3 मैच गंवा चुकी है। हालांकि, भारत में हुए विश्वकप मैचों का इतिहास देखें तो इंग्लैंड ने हमेशा इंडिया को शिकस्त दी है। ऐसे में 36 साल से अपनी सरजमीं पर इग्लैंड को न हरा पाने वाले दाग को धोने का भारतीय टीम के पास इससे अच्छा मौका नहीं हो सकता है।
