मुंबई/पूर्व IPL क्रिकेटर पॉल वाल्थाटी की बहन और आठ साल के भांजे की मौत मुंबई की कांदिवली इलाके में नौ मंजिला इमारत में लगी आग में हो गई है। यह घटना सोमवार की है। पॉल वाल्थाटी उस समय बिल्डिंग में मौजूद नहीं थे।
वाल्थाटी IPL में राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के लिए मैच खेल चुके हैं। जानकारी के मुताबिक सोमवार को मुंबई के कांदिवली में वीणा संतूर बिल्डिंग में आग लग गई। चौथे फ्लोर पर क्रिकेटर पॉल वाल्थाटी रहते हैं। उनकी बहन ग्लोरी रॉबर्ट्स (43) और उनका भांजा जोशुआ आग में फंस गए।
वाल्थाटी की बहन बीमार मां को देखने के लिए अपने दो बेटे और पति के साथ UK से मुंबई आई हुई थीं। इस घटना में तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं।
वाल्थाटी किसी परिचित को छोड़ने के लिए बाहर गए हुए थे
हाउसिंग सोसाइटी के सचिव नीलेश देसाई ने कहा, “जब हम लोगों को नीचे उतार रहे थे तो पॉल वाल्थाटी हमारी मदद कर रहे थे, क्योंकि वह नीचे आ गए थे।” सोमवार को पॉल वाल्थाटी के घर में कुछ मेहमान भी मौजूद थे। घटना से कुछ देर पहले तक वे अपने एक परिचित को छोड़ने बिल्डिंग से बाहर चले गए थे।
वाल्थाटी की बहन और भांजे कमरे के बाहर बेहोशी हालत में मिले
फायर ब्रिगेड के जवानों को वाल्थाटी की बहन और भांजे कमरे के बाहर बेहोशी हालत में मिले थे। फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी के अनुसार आग लगने के बाद पूरी बिल्डिंग में घुआं भर गया था। जिसकी वजह से लोगों को बील्डिंग से बाहर आने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आग की इस घटना में लक्ष्मी बूरा, राजेश्वरी भरतारे और राजन सुबोध शाह 50 प्रतिशत से ज्यादा झुलस गए हैं। इनका हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

आग बुझाने के लिए अंदर नहीं पहुंच पाई फायर की गाड़ी
बिल्डिंग के गार्डन में अवैध निर्माण की वजह से फायर बिग्रेड की गाड़ी बिल्डिंग के अंदर तक नहीं पहुंच पाई। जिससे आग पर काबू पाने के लिए फायर बिग्रेड को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने बताया कि बिल्डिंग के पीछे बने गार्डन पर बिल्डर ने शेड लगा दिया था, इस वजह से फायर ब्रिगेड की गाड़ी नजदीक पहुंचाने में दिक्कत आई।
