धर्मशाला/भारत में खेले जा रहे वर्ल्ड कप-2023 में अपने चारों मैच जीत चुकी टीम इंडिया शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला पहुंच गई। टीम इंडिया अगला मैच धर्मशाला के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 22 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के साथ खेलेगी।
शुक्रवार को भारतीय टीम पुणे से स्पेशल फ्लाइट के जरिये कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट पहुंची। एयरपोर्ट के बाहर खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए भारी संख्या में फैंस पहुंचे थे। टीम इंडिया के प्लेयर जैसे ही एयरपोर्ट से बाहर निकले, उनका स्वागत ढोल-नगाड़ों से किया गया। फैंस खुशी में झूमते दिखाई दिए। उधर न्यूजीलैंड की टीम गुरुवार को ही धर्मशाला पहुंच गई थी।

वर्ल्ड कप-2023 की पॉइंट्स टेबल में टॉप दो स्थानों पर चल रही इन दोनों टीमों के बीच होने वाले इस मैच को लेकर फैंस में जबर्दस्त उत्साह है। दोनों ही टीमों ने इस वर्ल्ड कप में अभी तक एक भी मैच नहीं हारा है। 22 अक्टूबर को दोनों टीमों में से एक पहली बार हार का स्वाद चखेगी।
न्यूजीलैंड की टीम इसी मैदान पर 16 अक्टूबर 2016 को खेले गए वन-डे मैच में भारतीय टीम से मिली हार का बदला भी लेना चाहेगी। उस मैच में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया था। उस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 44वें ओवर में 190 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई थी। भारतीय टीम ने 34वें ओवर में चार विकेट खोकर 194 रन बनाकर जीत दर्ज की थी।

दोपहर 2 बजे से मैच
दोनों टीमों के बीच रविवार दोपहर 2 बजे से धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में मैच खेला जाएगा। क्रिकेट फैंस अपनी पसंदीदा टीमों को धर्मशाला में धौलाधार की पहाड़ियों के बीच समुद्र तल से 1457 मीटर ऊपर बने स्टेडियम में खेलते हुए देखने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। धर्मशाला में इस स्टेडियम के एक तरफ बर्फ से ढंके पहाड़ों का मनमोहक दृश्य है दूसरी तरफ देवदार के जंगल हैं।
दलाई लामा और निर्वासित तिब्बती भिक्षुओं का घर भी धर्मशाला के पास मैक्लोडगंज में ही है।
