वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भारत ने जीत से आगाज किया। रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में रोमांचक जीत के हीरो रहे केएल राहुल ने मैच के दौरान विराट कोहली से हुए बातचीत के बारे में पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में बताया।
विकेटकीपर केएल राहुल ने कहा, पूर्व कप्तान कोहली ने शुरुआती ओवरों में लगातार विकेट गिरने के बाद उन्हें टेस्ट मैच की तरह बल्लेबाजी करने की सलाह दी थी।
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में राहुल की तीन बातें…
1. मैं नहाकर ड्रेसिंग रूम में बैठा ही था…
‘मैं और कोहली ज्यादा बात नहीं कर रहे थे। मैं शुरुआत में संभल कर खेलने की कोशिश कर रहा था। मैं नहाकर ड्रेसिंग रूम में बैठा ही था कि तीन विकेट गिर गए। मैं बस सांस लेने की कोशिश कर रहा था क्योंकि मैं अभी-अभी नहाकर आया था। मैंने सोचा कि मुझे आधे घंटे या एक घंटे का ब्रेक मिलेगा। लेकिन मैं कुछ ही समय में मैदान में था।’
2. कुछ देर के लिए हमें टेस्ट क्रिकेट की तरह खेलना होगा
‘कोहली ने मुझे कहा कि विकेट से मदद मिल रही, कुछ देर के लिए हमें टेस्ट क्रिकेट की तरह खेलना होगा। इस पिच पर ओस गिरने तक बैटिंग थोड़ी मुश्किल है। जब हमने गेंदबाजी की तो नई गेंद से तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिली, और बाद में स्पिनर्स को विकेट से काफी मदद मिली। लेकिन मुझे लगता है कि आखिरी 15-20 ओवर में ओस ने थोड़ी भूमिका निभाई।’
3. मैं कभी और सेंचुरी लगा लूंगा
‘मैं मैच के आखिरी समय में सोच रहा था कि मैं कैसे 100 रन पूरा सकता हूं। मैंने सोचा कि अगर एक चौका और एक छक्का लगाया जाए तो यह हो सकता है। मैंने चौका लगाने की कोशिश की थी लेकिन बॉल, बैट से ज्यादा अच्छे से कनेक्ट हो गई। मुझे इसका कोई अफसोस नहीं, मैं कभी और सेंचुरी लगा लूंगा।’
राहुल-कोहली के बीच 165 रन की पार्टनरशिप
200 रन का टारगेट चेज करने उतरी भारतीय पारी की शुरुआत खराब रही। 2 रन पर टीम के 3 बैटर बिना खाता खेले पवेलियन लौट चुके थे। यहां से कोहली और राहुल ने पारी को संभाला।
कोहली ने 85 रनों की पारी खेली और राहुल के साथ चौथे विकेट के लिए 165 रन की पार्टनरशिप की। यह वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय बैटर्स की सबसे बड़ी पार्टनरशिप है। वहीं राहुल ने नाबाद 97 रन की पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
