हैदराबाद/बाबर आजम की अगुवाई में पाकिस्तान क्रिकेट टीम वनडे वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने बुधवार को भारत पहुंची। पाकिस्तानी टीम के स्वागत के लिए हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर क्रिकेट फैंस और सुरक्षा अधिकारियों की भारी भीड़ जमा थी। टीम पाकिस्तान से दुबई के रास्ते हैदराबाद पहुंची।
यह 7 साल में पहली बार है, जब पाकिस्तान क्रिकेट टीम भारत आई है। इससे पहले टीम 2016 में टी-20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए भारत आई थी।
पाकिस्तान अपने शुरुआती 2 मैच हैदराबाद में खेलेगा
वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत 5 अक्टूबर से होनी है। पहला मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच होना है। पाकिस्तान अपने वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत 6 अक्टूबर को नीदरलैंड के खिलाफ करेगी। वहीं दूसरा मैच भी हैदराबाद में श्रीलंका के खिलाफ खेलेगी।
पाकिस्तान की टीम वर्ल्ड कप प्रैक्टिस मैच में 29 सितंबर को हैदराबाद में ही न्यूजीलैंड से भिड़ेगी। वहीं टीम का दूसरा प्रैक्टिस मैच इसी शहर में 3 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला जाएगा।14 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है।
