भारतीय महिला टीम ने 19वें एशियन गेम्स के विमेंस क्रिकेट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। टीम इंडिया ने रविवार को पहले सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया। इस जीत से भारत का क्रिकेट में एक मेडल पक्का हो गया है।
गोल्ड मेडल मैच भारतीय टीम का मुकाबला सोमवार को दूसरे सेमीफाइनल की विजेता से होगा। दूसरा सेमीफाइनल पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच आज इसी मैदान पर खेला जाएगा।
चीन के होंगजोऊ शहर में बांग्लादेशी टीम टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 51 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारतीय टीम ने 8.2 ओवर में दो विकेट पर टारगेट अचीव कर लिया।
पूजा वस्त्राकर ने झटके 4 विकेट
तेज गेंदबाज पूजा वस्त्राकर ने अपने कोटे के चार ओवर में 17 रन देकर चार विकेट हासिल किए। पूजा ने एस रानी, शमीमा सुल्ताना, एस मोस्तारी और रितू मेनी को पवेलियन की राह दिखाई। पूजा की गेंदबाजी की बदौलत भारतीय गेंदबाजों ने बांग्लादेश को 51 रनों पर समेट दिया।

रोड्रिग्ज ने बनाए सबसे ज्यादा 20 रन
52 रनों का टारगेट चेज करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान स्मृति मंधाना (7 रन)और शेफाली वर्मा (20 रन) ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने 19 रन जोड़ी। बाकी का काम जेमिमा रोड्रिग्ज ने 20 रनों की पारी खेलकर कर दिया।

ऐसे गिरे भारतीय टीम के विकेट
- पहला: स्मृति मंधाना - 7 रन: चौथे ओवर की 5वीं बॉल पर मुरुफा अख्तर ने शमीमा सुल्ताना के हाथों कैच कराया।
- दूसरा : शेफाली वर्मा – 17 : आठवें ओवर की दूसरी बॉल पर फातिमा खातून ने बोल्ड कर दिया।
बांग्लादेश का भारत के खिलाफ सबसे छोटा स्कोर
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी बांग्लादेशी टीम विमेंस टी-20 के इतिहास में भारत के खिलाफ सबसे छोटे स्कोर पर आउट हुई। टीम 17.5 ओवर में 51 रन पर ऑलआउट हुई। कप्तान निगर सुल्ताना (12 रन) के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज डबल डिजिट तक भी नहीं पहुंच सकी।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
बांग्लादेश महिला (प्लेइंग इलेवन): शमीमा सुल्ताना, साथी रानी, निगार सुल्ताना (विकेटकीपर/कप्तान), शोभना मोस्टोरी, रितु मोनी, मारुफा एक्टर, नाहिदा एक्टर, शोर्ना एक्टर, फाहिमा खातून, सुल्ताना खातून, राबेया खान।
भारतीय महिला (प्लेइंग इलेवन): स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, कनिका आहूजा, ऋचा घोष (विकेटकीपर ), दीप्ति शर्मा, देविका वैद्य, अमनजोत कौर, पूजा वस्त्रकार, तितास साधु, राजेश्वरी गायकवाड़
दूसरा सेमीफाइनल- श्रीलंका ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया
एशियन गेम्स महिला क्रिकेट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। श्रीलंका ने इस मैच में पाकिस्तान को 6 विकेट से हराकर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 75 रन ही बना सकी। वहीं 76 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंका ने 16.3 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को हासिल कर लिया।
