newyork.सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने US ओपन 2023 का खिताब जीत लिया है। फाइनल में उन्होंने रूस के डेनियल मेदवेदेव को हराया। ये जोकोविच का रिकॉर्ड 24वां ग्रैंड स्लैम है और चौथा US ओपन मेंस सिंगल्स टाइटल है।
उन्होंने ग्रैंड स्लैम जीतने के मामले में ऑस्ट्रेलिया की पूर्व टेनिस स्टार मार्गरेट कोर्ट की बराबरी कर ली है। जोकोविच 24 ग्रैंड स्लैम के साथ मेंस सिंगल्स में सबसे ज्यादा टाइटल जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
जोकोविच ने मेदवेदेव को सीधे सेटों में हराया
न्यूयॉर्क के मार्गरेट कोर्ट में खेले गए फाइनल में जोकोविक ने डेनियल मेदवेदेव को कड़े मुकाबले में 6-3, 7-6, 6-3 से हराया। 36 साल के जोकोविच ने पहला सेट 6-3 से आसानी से जीता। दूसरे सेट में मेदवेदेव ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जोकोविच ने दूसरा सेट भी 7-6 से अपने नाम किया।
तीसरे सेट में 6-3 से आसानी से जीत दर्ज कर उन्होंने रिकॉर्ड 24वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिया। बता दें, जोकोविच को 2021 में US ओपन के फाइनल में मेदवेदेव के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

ओपन एरा में 24 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले पहले खिलाड़ी
जोकोविच ओपन एरा में 24 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। जोकोविच इससे पहले सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम (मेंस और विमेंस सिंग्लस) जीतने के मामले में सेरेना विलियम्स (23 ग्रैंड स्लैम) की बराबरी पर थे। मार्गरेट कोर्ट भी कुल 24 ग्रैंड स्लैम जीती हैं, लेकिन उनमें से 13 टाइटल ओपन एरा से पहले अपने नाम की थीं।
टेनिस में 1968 में ओपन एरा की शुरुआत हुई जब सभी खिलाड़ियों (एमेच्योर और प्रोफेशनल) को चारों ग्रैंड स्लैम में हिस्सा लेने की अनुमति दी गई। इसे ओपन एरा कहा जाता है।

