मुंबई/भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली को टी-20 के नंबर-1 बैटर सूर्यकुमार यादव ने ट्रोल किया। सूर्या ने कोहली की इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेंट करते हुए कहा, ‘भैया थोड़ा रनिंग टेक्निक हल्का पड़ रहा है आपका।’ कोहली ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ कुछ फोटो पोस्ट किए। इन्हीं में से एक फोटो पर सूर्यकुमार का मजाकिया कमेंट देखने को मिला।
कोहली ने स्पोर्ट्स वियर कंपनी के लिए फोटो अपलोड किए
कोहली ने 22 अगस्त को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्पोर्ट्स वियर कंपनी के प्रचार के लिए 4 फोटो पोस्ट किए। इनमें उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा भी नजर आईं।
4 में से एक फोटो में दोनों रनिंग करते हुए नजर आए, जिसमें कोहली पत्नी अनुष्का से पीछे दिखे। इस पर सूर्यकुमार ने लिखा, ‘भैया थोड़ा रनिंग टेक्निक हल्का पड़ रहा है आपका।’ सूर्यकुमार मजाकिया अंदाज में कह रहे थे कि विराट अगर तेज भागते तो अनुष्का से आगे निकल जाते। उन्होंने हंसने का इमोजी भी यूज किया यानी उन्होंने सिर्फ मजाक के लिए ऐसा कमेंट किया।
सूर्या के कमेंट पर 7 हजार से ज्यादा लाइक मिले
सूर्यकुमार यादव के कमेंट पर बुधवार शाम 7 बजे तक 7 हजार से ज्यादा यूजर्स ने लाइक कर दिया है। उनके कमेंट पर 250 से ज्यादा लोगों ने रिप्लाई भी किया है। वहीं कोहली के पोस्ट पर 45 लाख से ज्यादा लाइक्स आ चुके हैं।

कोहली-सूर्या को टीम इंडिया से आराम मिला
टीम इंडिया इस वक्त आयरलैंड में आयरलैंड के खिलाफ 3 टी-20 की सीरीज खेल रही है। इस सीरीज में विराट कोहली, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे कई सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। इस ब्रेक में कई खिलाड़ी अपने स्पॉन्सर के लिए एडवरटाइजमेंट शूट कर रहे हैं।
एशिया कप के लिए विराट और सूर्या टीम में शामिल
एशिया कप के लिए भारतीय टीम में सूर्या और विराट कोहली दोनों को शामिल किया गया है। एशिया कप इस बार वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए वनडे में खेला जाएगा। इस बार एशिया कप पाकिस्तान और श्रीलंका में आयोजित किया जा रहा है।
टूर्नामेंट 30 अगस्त से शुरू होगा। शुरुआती चार मैच पाकिस्तान में होंगे। जबकि सेमीफाइनल और फाइनल सहित 9 मैच श्रीलंका में खेले जाएंगे। भारत एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत 2 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ मैच के साथ करेगा।

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में 78 रन ही बना पाए थे सूर्या
सूर्यकमार वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले तीन वनडे में महज 78 रन बना सके, उनका बेस्ट स्कोर 35 रन था। यह प्रदर्शन तब आया जब उन्हें घरेलू सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे में तीन गोल्डन डक होने के बावजूद मौका दिया गया था।
यादव हालांकि टी-20 में शानदार रहे हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैच की टी-20 सीरीज में 166 रन बनाए, जिनमें दो अर्धशतक शामिल थे, जिसमें सर्वश्रेष्ठ स्कोर उनका 44 गेंदों पर 83 रन था।
