मुंबई।आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने गुरुवार को चंद्रकांत पंडित को अपना नया मुख्य कोच बनाने का ऐलान किया। पंडित के पास घरेलू टीमों को कोचिंग देने का तजुर्बा है। हाल ही में उनकी कोचिंग में मध्य प्रदेश ने पहली बार रणजी ट्रॉफी खिताब पर कब्जा जमाया।
वह ब्रैंडन मैकुलम की जगह लेंगे। टीम आईपीएल 2022 में प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई थी। इसके बाद पूर्व कीवी क्रिकेटर इंग्लैंड क्रिकेट टीम का टेस्ट में कोच बन गया था।
नई चुनौती को स्वीकार करते हुए पंडित ने कहा, “मैंने नाइट राइडर्स से जुड़े रहे खिलाड़ियों और अन्य लोगों से यहां की पारिवारिक संस्कृति और सफलता की परंपरा के बारे में सुना है। मैं सहयोगी कर्मचारियों और टीम का हिस्सा रहे खिलाड़ियों के स्तर को लेकर उत्साहित हूं और मैं पूरी विनम्रता तथा सकारात्मक उम्मीदों के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं।”
केकेआर के सीईओ वैंकी मैसूर ने कहा, “हम बहुत उत्साहित हैं कि चंदू (चंद्रकांत पंडित) हमारी यात्रा के अगले चरण में हमारा नेतृत्व करने के लिए नाइट राइडर्स परिवार में शामिल हो रहे हैं। वह जो करते हैं उसके प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता और घरेलू क्रिकेट में सफलता का उनका रिकॉर्ड सभी के सामने है। हम अपने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ उनकी अच्छी साझेदारी की उम्मीद कर रहे हैं।
