पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली का बल्ले से खराब प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट टीम के लिए चिंता का विषय है। वहीं कप्तान रोहित शर्मा ने आईपीएल 2022 में रनों के लिए संघर्ष किया, लेकिन ओवल में पहले एकदिवसीय मैच में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने अर्धशतक जड़ दिया। कोहली की फॉर्म गिरती ही जा रही है।वह इंग्लैंड के खिलाफ दो टी 20 आई में केवल 12 रन बना सके और बाद में पहले एकदिवसीय मैच में चोटिल के कारण नहीं खेले। इस बीच, पाकिस्तान के ओपनर बल्लेबाज इमाम-उल-हक ने कोहली और रोहित के बीच तुलना की है।
इमाम का मानना है कि विराट कोहली की औसत बढ़िया हो और उन्होंने रन ज्यादा बनाए हों, लेकिन उनकी तुलना में रोहित शर्मा अधिक प्रतिभाशाली हैं। दोनों ही बल्लेबाज मौजूदा दौर के सबसे प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में शामिल हैं। ऐसे में कई मौकों पर इनकी एक दूसरे से तुलना की जाती है और पाकिस्तानी ओपनर बल्लेबाज इमाम-उल-हक ने इसे लेकर बड़ा बयान दिया है।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक के भतीजे इमाम ने समा न्यूज पर कहा, “मुझे लगता है कि रोहित शर्मा में जो प्रतिभा है, वह विराट कोहली में नहीं है। मैंने उन दोनों को खेलते देखा है, लेकिन जिस तरह से रोहित खेलते हैं, उससे ऐसा लगता है जैसे वह रिप्ले में बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनके पास काफी समय है। मैं ज्यादातर पॉइंट पर फील्डिंग करता हूं और यहां से मुझे सबकुछ पता चलता है। यहीं से मुझे पहली बार मुझे टाइमिंग का सही मतलब समझ में आया। “
इमाम ने यह भी कहा, “विराट कोहली ने मेरे सामने बल्लेबाजी की है और रोहित शर्मा ने भी किया है, लेकिन रोहित को भगवान ने बहुत समय दिया है। वह एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो सेकंडों में खेल को बदल सकते हैं। जब वह सेट हो जाते हैं, तो वह अपनी मर्जी से हिट कर सकते हैं।” इमाम उस पाकिस्तानी टीम का हिस्सा थे जो संयुक्त अरब अमीरात में दो बार एशिया कप 2018 और मैनचेस्टर में आईसीसी मेंस विश्व कप 2019 मैच में भारत के खिलाफ खेली थी।
