अमेरिका के जॉन इस्नर ने विम्बल्डन के पुरुष सिंगल्स तीसरे दौर में भले ही अपना मुकाबला इटली के जैनिक सिनर के खिलाफ गंवा दिया हो, लेकिन इस मैच में उन्होंने एक बहुत बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। एटीपी टूर इतिहास में जॉन इस्नर सबसे ज्यादा Ace/ एस लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
6 फुट 10 इंच की हाइट वाले इस्नर ने सिनर के खिलाफ खेलते हुए जैसे ही पांचवां एस लगाया उनका कुल एस का आंकड़ा 13729 को छू गया और उन्होंने क्रोएशिया के इवो कार्लोविच का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
इस्नर ने इस मुकाबले में कुल 24 एस लगाए और उनका कुल आंकड़ा 13748 का हो गया है (atptour.com के अनुसार)। मैच खत्म होने के बाद इस्नर ने रिकॉर्ड बनाने पर खुशी जताई लेकिन निराश भी हुए क्योंकि वह ये रिकॉर्ड जीत के साथ बनाना चाहते थे। इस्नर का ये रिकॉर्ड काफी लंबे समय तक रहने वाले है क्योंकि 43 साल के कार्लोविच पिछले एक साल से किसी प्रोफेशनल टेनिस टूर्नामेंट को खेलते नहीं दिखे हैं और तीसरे स्थान पर रॉजर फेडरर हैं जिनके 11478 एस हैं।
