Usman Khawaja Book: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने 2018 के सैंडपेपरगेट विवाद को लेकर बड़ा खुसाला किया है। ख्वाजा का दावा है कि दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान गेंद से छेड़छाड़ करने के तरीकों पर टीम के भीतर खुलेआम बातचीत होती थी। उन्होंने कहा कि सैंडपेपर से गेंद को खराब करने जैसे तरीकों पर भी चर्चा की गई थी। ख्वाजा की आने वाली किताब के कुछ अंश सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड में प्रकाशित हुए। इसमें उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को भी इसकी जानकारी थी।
उस्मान ख्वाजा ने किताब में कहा, ‘यह हम सभी थे।’ उनके इस बयान ने 2018 में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से की गई जांच पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या था 2018 का सैंडपेपरगेट विवाद?
यह विवाद मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान सामने आया था। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को गेंद से सैंडपेपर के जरिए छेड़छाड़ करते हुए पकड़ा गया था। इस घटना ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की छवि को बड़ा नुकसान पहुंचाया था। उस समय क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच में सामने आया था कि गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी केवल तीन खिलाड़ियों को थी। इनमें स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट शामिल थे। स्मिथ और वॉर्नर को 1-1 साल जबकि बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने के लिए बैन कर दिया गया था।
उस्मान ख्वाजा के नए दावों पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पुरानी जांच का बचाव किया है। बोर्ड ने बयान जारी करके कहा, ‘अब तक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सामने पेश की गई सभी जानकारियों पर उचित रूप से विचार किया गया है और हम अपनी इंटीग्रिटी प्रोसेस के निष्कर्षों से संतुष्ट हैं। कोई भी प्रासंगिक जानकारी पेश करने का अवसर हमेशा उपलब्ध रहा है और आगे भी रहेगा।
पाकिस्तान में जन्मे 39 साल के उस्मान ख्वाजा ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 88 टेस्ट के अलावा 40 वनडे और 9 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। टेस्ट में करीब 43 की औसत से उन्होंने 6229 रन बनाए। उनके बल्ले से 16 शतक के अलावा 28 फिफ्टी निकली। ख्वाजा ने इसी साल की शुरुआत में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। अब उनकी ऑटोबायोग्राफी आने वाली है।


