नई दिल्ली: आईपीएल 2027 सीजन से पहले ट्रेड मार्केट में जबर्दस्त हलचल देखने को मिल रही है। आईपीएल द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच चार खिलाड़ियों की बड़ी अदला-बदली हुई है। इस ट्रेड डील में इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर लियम लिविंगस्टोन और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी जैक एडवर्ड्स अब चेन्नई सुपर किंग्स की पीली जर्सी में नजर आएंगे जबकि भारतीय तेज गेंदबाज खलील अहमद और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज नाथन एलिस सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा बन गए हैं।
कप्तानी में भी देखने को मिलेगा फेरबदल
खिलाड़ियों के इस फेरबदल के साथ-साथ कई फ्रेंचाइजियों में कप्तानी के मोर्चे पर भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स को 2026 सीजन में संभालने वाले ऋषभ पंत अब दिल्ली कैपिटल्स में लौट चुके हैं वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स से अजिंक्य रहाणे रिटायर हो चुके हैं। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस में भी संशय के बादल मंडरा रहे हैं क्योंकि पिछले दो सीजन से टीम की कप्तानी कर रहे ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के फ्रेंचाइजी में बने रहने पर सस्पेंस बना हुआ है।
फाफ डु प्लेसिस ने बताया कप्तानों के नाम
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने एक बातचीत के दौरान बड़ा दावा करते हुए कहा है कि आगामी 2027 सीजन में लखनऊ, कोलकाता और मुंबई की टीमें नए कप्तानों के साथ मैदान पर उतर सकती हैं। डु प्लेसिस के अनुसार, लखनऊ सुपर जायंट्स की कमान एडेन मार्करम या मिचेल मार्श संभाल सकते हैं। वहीं अगर हार्दिक पंड्या केकेआर में शामिल होते हैं तो वे या फिर रिंकू सिंह कोलकाता की कप्तानी के प्रबल दावेदार होंगे। मुंबई इंडियंस की बात करें तो रोहित शर्मा या जसप्रीत बुमराह को दोबारा कप्तानी सौंपी जा सकती है।
कई टीमों को कप्तान की जरूरत
कप्तानी में बदलाव की यह सुगबुगाहट टीमों के पिछले निराशाजनक प्रदर्शन के बाद देखने को मिल रही है। लखनऊ की टीम पिछले दो लगातार सीजन में 7वें स्थान पर रही है और अब तक अपने पहले खिताब की तलाश में है। दूसरी तरफ, तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स भी पिछले दो सीजन में प्लेऑफ तक पहुंचने में नाकाम रही। मुंबई इंडियंस का हाल भी कुछ खास नहीं रहा और 2026 के सीजन में 10 टीमों की तालिका में वे 9वें स्थान पर खिसक गए थे जिसके चलते मैनेजमेंट नए सिरे से रणनीति बनाने पर मजबूर दिख रहा है।
पंजाब में शामिल होंगे हार्दिक?
इस बीच ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को अपनी टीम में शामिल करने की रेस में पंजाब किंग्स सबसे आगे निकलती दिखाई दे रही है। 17 नवंबर की रिटेंशन डेडलाइन से ठीक पहले मुंबई इंडियंस के साथ ट्रेड डील को अंजाम देने के लिए पंजाब की टीम काफी आक्रामक रवैया अपना रही है। हालांकि रेस में कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स भी शामिल थीं, लेकिन पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मौखिक सहमति बनती दिख रही है और जल्द ही कागजी कार्रवाई शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।


